कटिहार के बरारी में होमगार्ड की हत्या
- मृतक की पत्नी ने भतीजे पर लगाया हत्या का आरोप।
कटिहार। रौनिया पंचायत अंतर्गत घुसकी ग्राम निवासी होमगार्ड जवान राम प्रवेश ठाकुर (55) की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह बरारी पुलिस ने पूर्वी बारीनगर पंचायत के शर्मा टोला स्थित मोगला पोखर के किनारे से उनका शव बरामद किया गया है।
मृतक की पत्नी ने आपसी विवाद में भतीजे व उसके पुत्र को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार सोमवार रात रामप्रवेश साइकिल से बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, काढ़ागोला में गंगा नदी के कटाव निरोधक स्पर संख्या छह पर डयूटी के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह एक अन्य होमगार्ड ने रामप्रवेश का शव पोखर के किनारे देखकर परिजन को सूचना दी। रामप्रवेश की पत्नी रेखा देवी ने पारिवारिक विवाद में भतीजा विजय ठाकुर व उसके पुत्र मिथुन ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि एक माह विजय व उसके पुत्र से उनके पति का झगड़ा हुआ था। उस दौरान रामप्रवेश को जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजन की सूचना पर थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। शव के सिर पर गहरा जख्म मिला है। रामप्रवेश की साइकिल व चप्पल घटनास्थल से 500 मीटर पूर्व रेफरल अस्पताल के समीप बरामद दी गई। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।