बैडमिटन के नेशनल कोच बने खगड़िया के अंकित
खगड़िया के लाल अंकित कुमार का बैडमिटन के नशनल कोच के पद पर चयन किया गया है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया: जिले में खेल के क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के बावजूद लगातार यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। इस कड़ी में शुक्रवार को जिले के लिए खेल के क्षेत्र में खुशखबरी मिली है।
खगड़िया के लाल अंकित कुमार का बैडमिटन के नशनल कोच के पद पर चयन किया गया है। जिसकी खबर मिलते ही जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के चित्रगुप्त नगर मोहल्ले के रहने वाले अनिल पाठक के पुत्र अंकित कुमार बैडमिटन के माहिर खिलाड़ी हैं। 2010 से लगातार उम्दा प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार अपने नाम कर चुके हैं। वे भारतीय खेल प्राधिकरण से डिप्लोमा इन बैडमिटन किए हैं। जिस कारण इनका चयन नेशनल बैडमिटन कोच के रूप में हुआ है। खगड़िया जिला खेल महासंघ के उपाध्यक्ष सह सचिव खगड़िया जिला शतरंज संघ बिप्लव रणधीर ने बताया कि पिछले साल देश भर से कुल 20 खिलाड़ियों का चयन हुआ। जिसमे जिले के अंकित कुमार का चयन बिहार की तरफ से किया गया। अंकित अपने कठिन मेहनत से डिप्लोमा उत्तीर्ण किया है। वहीं बैडमिटन संघ के जिला सचिव डा. जैनेंद्र कुमार नाहर ने बताया कि अंकित आठ साल के उम्र से ही बैडमिटन खेलता आ रहा है। उन्होंने 2010 में पहली बार अंडर 13 में सब जूनियर नेशनल टूर्नामेंट हैदराबाद में भाग लिया था। जिसके बाद उसके कदम रुके ही नहीं। 2018 में आल इंडिया विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने जिले और राज्य का नाम रौशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के खेलप्रेमी सदानंद प्रसाद, खगड़िया बैडमिटन संघ के सह सचिव प्रेम कुमार, रणधीर कुमार, जिला शतरंज संघ के संयुक्त सचिव चंदन कुमार, कोच दिवेश कुमार, जिला खेल महासंघ के अध्यक्ष रविशचंद्र, हाकी खगड़िया के सचिव विकास कुमार, कबड्डी संघ के सचिव मनीष कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की है।