कटिहार : महेश्वरी एकेडमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षकों की कमी, इन विषयों की नहीं होती पढ़ाई
कटिहार में शिक्षा-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। यहां पर कई ऐसे स्कूल हैं जहां शिक्षकों की कमी है। महेश्वरी एकेडेमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का हाल भी कुछ ऐसा ही है। स्कूल के विद्यार्थी निजी कोचिग सेंटर के भरोसे अपनी पढ़ाई कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कटिहार। शहर के महेश्वरी एकेडेमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों का टोटा होने से नामांकित छात्र- छात्राओं का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। स्कूल के विद्यार्थी निजी कोचिग सेंटर के भरोसे अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौ से इंटर तक की पढ़ाई होती हैं। कक्षा नौ में 275, कक्षा दसवीं में 354, इंटर प्रथम वर्ष में 465 व द्वितीय वर्ष में कुल 393 छात्र-छात्राएं हैं। कुल 1487 छात्र-छात्राओं के लिए 19 शिक्षक ही पदस्थापित हैं। इंटर की पढ़ाई के लिए नौ शिक्षकों की पदस्थापना अब तक हो पाई है। जबकि नवम एवं दशम वर्ग के लिए नौ शिक्षक ही पदस्थापित हैं।
1917 में हुई है स्कूल की स्थापना:
माहेश्वरी एकेडमी उच्च विद्यालय की स्थापना 1917 में हुई थी। स्थापना काल से ही शिक्षकों की कमी से यह विद्यालय जूझ रहा है। विद्यालय में तीनों संकाय की पढ़ाई की व्यवस्था है। दो लिपिक, चार परिचारी भी हैं। विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए अन्य व्यवस्था ठीक है।
पुस्तकालय, शौचालय, पेयजल, की स्थिति:
विद्यालय परिसर में पुस्तकालय है। इसमें तीन हजार पुस्तक उपलब्ध हैं, लेकिन इस पुस्तकालय में पुस्तक रखने की समुचित व्यवस्था नहीं हैं। हालांकि पुस्तकालय से विद्यार्थियों की आवश्यकता पूरी नहीं हो पा रही है। पुस्तकालय में छात्रों के लिए बैठने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। विद्यालय में चार शौचालय है। पेयजल के लिए तीन चापाकल की व्यवस्था है।
कॉमन रूम, प्रयोगशाला, क्लास रुम की स्थिति:
विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था नहीं हैं। प्रयोगशाला में संसाधन की उपलब्धता के बावजूद प्रायोगिक कक्षा का संचालन समुचित तरीके से नहीं हो पाता है। वर्ग कक्ष की स्थिति भी दुरूस्त नहीं कही जा सकती है। इंटर में नामांकित विद्यार्थियों का पठन-पाठन 10 शिक्षकों के भरोसे ही हो रहा है।
क्या कहते हैं प्राचार्य:
प्राचार्य मु. तसनीफ अंसारी ने कहा कि स्कूल खुलने पर अगर बच्चों की उपस्थिति नियमित होगी तो विशेष क्लास चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में दो विषय हिदी व संस्कृत के शिक्षक नहीं हैं। इन विषयों की पढ़ाई प्लसटू के शिक्षक से कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यास प्रश्न पत्र के जरिए बच्चों की तैयारी पूरी कराने की कोशिश होगी।
क्या कहते हैं शिक्षक
विद्यालय के शिक्षक विजय कृष्ण और पवन कुमार ने कहा कि वार्षिक परीक्षा की विशेष तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए कम समय मिलेगा। बावजूद बच्चों को परीक्षा की तैयारी कराने को लेकर हरसंभव कोशिश रहेगी।