ओवरलोडिंग के खिलाफ कटिहार प्रशासन की बड़ी कार्रवाई... गिट्टी और बालू लदे 19 ओवरलोडेड ट्रक जब्त, 24 लाख जुर्माने की वसूली
कटिहार प्रशासन की ओर से ओवलोडेड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कटिहार मनिहारी सड़क मार्ग पर मिरचाईबाड़ी चौक के पास से 19 ट्रकों को जब्त किया गया है। इन ट्रकों से 2400500 रुपये जुर्माना वसूले गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
संवाद सहयोगी, कटिहार। ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सघन वाहनचेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ओवरलोडिंग को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया है। मंगलवार की रात कटिहार मनिहारी सड़क मार्ग पर मिरचाईबाड़ी चौक, शरीफगंज में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान गिट्टी व बालू लदे 19 ओवरलोडेड ट्रकों को पकड़ा गया। पकड़े गए वाहनों से 2400500 रूपया जुर्माना वसूला गया। सदर एसडीओ शंकर शरण ओमी, एसडीपीओ अमरकांत झा के नेत़त्व में ओवरलोडेड वाहनों की जांच की गई। देर रात तक चलाए गए विशेष अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मो. अतहर, वरीय उपसमाहर्ता सह डीपीआरओ अनिकेत कुमार एवं खनन विभाग के पदाधिकारी शामिल थे। भार क्षमता से अधिक माल लोड किए जाने के मामले में 1422500 जुर्माना वसूला गया।
खनन विभाग द्वारा माइनिंग चालान सहित अन्य संबंधित कागजात नहीं पाए जाने पर 978000 रूपया जुर्माना लगाया गया। सोमवार की रात भी कटिहार-पूर्णिया सड़क मार्ग पर चलाए गए अभियान में तीन लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया था। बताते चलें कि झारखंड के साहेबगंज एवं पाकुड़ से गिट्टी, पत्थर लदे ओवरलोडेड ट्रकों के परिचालन की शिकायत पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए एक माह प्रशासन द्वारा तीन विशेष टीम का गठन किया गया है। एनएच, एसएच सहित कटिहार से मनिहारी, पूर्णिया एवं प्राणपुर सड़क मार्ग पर खास तौर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल रात के अंधेरे में चलने वाले इस अवैध कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई को भी नाकाफी माना जाता है।
नहीं रुक रहा ओवलोडिंग का खेल
पुलिस प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बाद भी ओवरलोडिंंग का खेल नहीं रुक रहा है। इससे समय से पहले सड़के जर्जर हो रही हैं। इसको देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाया है। इसी के तहत मंगलवार की रात यह कार्रवाई की गई है। प्रशसन की इस कार्रवाई के बाद ट्रक मालिकों में हड़कंप मच गया है।