kathir news :पीएचसी की छत से गिरकर युवक की मौत, विरोध में सड़क जाम
कटिहार में छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हालांकि स्वजनों ने छत से धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया है। मरने वाला युवक प्राणपुर थाना क्षेत्र के ही मदनसाही गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कटिहार, जेएनएन। बुधवार की रात प्राणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक रंजीत मंडल प्राणपुर थाना क्षेत्र के ही मदनसाही गांव का रहने वाला था। इस घटना को लेकर स्थानीय तीन दुकानदारों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें लेन-देन के विवाद में पहले मारपीट करने व फिर जख्मी युवक को पीएचसी के छत से धक्का देकर नीचे गिरा देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इधर घटना को लेकर कई अन्य तरह की चर्चा भी हो रही है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह एन एच 81 को तकरीबन दो घंटे से अधिक समय तक जाम रखा।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कमल चौक पर बाइक में पेट्रोल लेने के विवाद में मिथुन मंडल ,मोनू मंडल व रंजीत मंडल के साथ स्थानीय दुकानदार कमल मंडल, बबलू मंडल व गुणाधर मंडल द्वारा मारपीट की गई। इसमें रंजीत मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के परिजनों द्वारा इलाज के लिए उसे पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान दुकानदार के आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायल रंजीत को दो मंजिला इमारत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्राणपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। थानाध्यक्ष श्री झा ने दुकानदार कमल मंडल, बबलू मंडल व गुणाधार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। वही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। इधर गुरुवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 81 को लगभग दो घंटे तक जाम रखा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के स्वजनों को न्याय और मुआवजे की मांग करने लगा। स्थानीय बुद्धिजीवी और पुलिस प्रशासन के पहल से जाम को हटाया गया। मृतक की पत्नी रूपा देवी ने बताया कि कमल चौक पर उनके पति के साथ मारपीट दुकानदार के द्वारा किया गया था। घायल अवस्था में प्राणपुर स्वास्थ्य केंद्र पर भी झगड़ा हुआ वही उसकी मौत हो गयी। मृतक के पिता सिकंदर मंडल ने थाना में लिखित आवेदन देकर गुनाधर मंडल, बबलू मंडल व कमल मंडल पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतक के छोटे छोटे दो बच्चे हैं। मृतक की मां मंजू देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा तीन नामजद व दस अज्ञात के विरुद्ध लिखित आवेदन दिया गया है। तीनों नामजदों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर गिरफ्तार आरोपितों के स्वजनों का कहना है कि रंजीत की मौत से उन लोगों का कोई लेना-देना नहीं है। उनका कहना है कि रंजीत मंडल शराब के नशे में था... खुद छत से कूदा था...। बहरहाल जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।