काजल हत्याकांड : पति समेत दो को जेल, अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पिछले दिनों दहेज की मांग को लेकर बांका में एक महिला की हत्या कर दी गई थी। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बांका, जेएनएन। दहेज के कारण टाउन थाना क्षेत्र के पुर्नवास गांव में विवाहिता काजल देवी (22 वर्ष) को ससुराल वालों ने जहर खिलाकर सोमवार को मार डाला था। इस मामले में मृतका के पिता ने दामाद सहित छह को आरोपित किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका काजल के पति भरत यादव व चचेरे ससुर अधिक यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक टाउन थाना क्षेत्र के भतकुंडी निवासी संजय यादव की बेटी काजल की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व पुर्नवास गांव के भरत यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद सात लाख रूपये नकदी और मोटरसाइकिल की डिमांड दहेज के रुप में की जाने लगी। नहीं देने पर रविवार की देर रात काजल को जहर खिला दिया था। स्थिति खराब होते देख गांव में ही झोला छाप डाक्टर के पास लेकर जाकर इलाज कराया गया। लेकिन, काजल ने सोमवार की दोपहर काजल ने दम तोड़ दी। इस मामले में मृतका के पिता संजय यादव ने दामाद सहित आधे दर्जन लोगों पर मामला दर्ज कराया है। पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
संजय यादव की बेटी काजल की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व पुर्नवास गांव के भरत यादव के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। संजय ने बताया कि इस शादी का सभी घर वालों ने विरोध किया था। लेकिन, भरत ने दवाब देकर बासुकीनाथ में शादी की थी। जब दोनों परिवार एक हुए तो ससुराल से काजल को मायके ले जाने के लिए उसके पिता आए थे। पर दामाद भरत ने सात लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की डिमांड ससुर से की। जिस पर उन्होंने अपनी गरीबी की दुहाई दी। इस पर भरत नहीं माना और काजल को मायके नहीं जाने दिया। रविवार को भरत के परिवार वालों ने देर रात काजल को जहर खिला दिया। स्थिति खराब होते देख गांव में ही झोलाछाप डॉक्टर के पास ले जाकर इलाज कराया गया, लेकिन काजल ने सोमवार की दोपहर दम तोड़ दी। इस बात की जानकारी काजल के मायके भतकुंडी में दी गई। आनन-फानन में पिता संजय पुनर्वास गांव पहुंचे तो देखा की उनकी बेटी की मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने पति भरत यादव और उसके चाचा अधिक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने पति सहित आधे दर्जन लोगों पर मामला दर्ज कराया है। इस मामले में थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।