मुसलमानों में राजनीतिक एवं शैक्षणिक जागृति लाना जरूरी : हारूण
प्रखंड क्षेत्र स्थित डाक बंगला परिसर में बिहार विधान परिषद उपसभापति हारूण रशीद ने छातापुर भ्रमण पर जाने के क्रम में रुक कर जदयू कार्यकर्ताओं के साथ रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना।
सुपौल। प्रखंड क्षेत्र स्थित डाक बंगला परिसर में बिहार विधान परिषद उपसभापति हारूण रशीद ने छातापुर भ्रमण पर जाने के क्रम में रुक कर जदयू कार्यकर्ताओं के साथ रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना। मौके पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं उपसभापति ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की। प्रखंड जदयू अध्यक्ष प्रो. कमल प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए उप सभापति ने कहा कि आज मुसलमानों के बीच राजनीतिक चेतना, शैक्षणिक चेतना एवं जागृति लाना जरूरी है। मुसलमान राजनीतिक चेतना नहीं रहने के कारण इस बात का एनालायसिस नहीं कर पा रहे कि कौन सी सरकार उनके हितों के लिए काम कर रही है। कहा कि अठारह महीने तक सत्ता में रहने के बावजूद राजद ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। मुसलमान इस बात को नहीं समझ पा रहे हैं। जबकि हमारी सरकार एवं मुखिया नीतीश कुमार मुसलमानों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रकार का कार्य कर रही है। मुसलमानों के हित में रोज नए काम हो रहे हैं। कहा कि मुसलमानों में राजनीतिक चेतना जगाने का कार्य जदयू के अल्पसंख्यक प्रकोष्ट के कार्यकर्ता करेंगे एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के निगरानी में ही सारा कार्य किया जाएगा। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता अपना सुझाव और सहयोग प्रदान करेंगे। वहीं पढ़ाई करने वाली मुस्लिम लड़कियों के बेहतर भविष्य हेतु सरकार द्वारा नई योजना लाई जा रही है। कहा कि उक्त सारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने एवं मुसलमानों को जागृत करने हेतु अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेता अपनी कार्ययोजना तैयार कर प्रखंड अध्यक्ष को इसकी समुचित जानकारी उपलब्ध करावें। वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ प्रसाद यादव ने क्षेत्र में एक एम्स अस्पताल की आवश्यकता बताते हुए आग्रह किया कि इस क्षेत्र में दो-दो एनएच रहने के कारण बराबर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है लेकिन आसपास के क्षेत्रों में कही समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं रहने के कारण कई बार लोगों की जान पर बन आती है। अगर इस इलाके में एक एम्स की स्थापना हो जाती है तो कोशी क्षेत्र से सीमांचल के लोगों के लिए यह एक संजीवनी की तरह काम करेगा। मांग पर उप सभापति ने कहा कि हमलोग भी इसके पक्षधर हैं और इसके लिए सरकार प्रयास भी कर रही है। जिसके लिए हमलोग मझारी से प्रतापगंज के बीच जमीन की उपलब्धता हेतु सर्वे कर रहे हैं। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रो. कमल प्रसाद यादव, बैद्यनाथ प्रसाद यादव, गोपाल चांद, मु. खुर्शीद आलम, जिप सदस्या पूनम देवी, नूर आलम, बसीर अहमद, गोनर राउत, मु. अखलाक, राम प्रसाद साह, मु. मईउद्दीन, सुभाष यादव, चंदेश्वर दास, मनोज यादव, अबुल कलाम, नरेंद्र यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।