ISRO Mechanical Scientist Exam Result: पूर्णिया के आशुतोष ने भरी इसरो की उड़ान, APJ Abdul Kalam के सपनों को करेंगे पूरा
ISRO Mechanical Scientist Exam Result इसरो के मैकेनिकल साइंटिस्ट की परीक्षा में पूर्णिया के आशुतोष कुमार को मिली 22वीं रैंक। मध्यम वर्गीय परिवार के युवक ने संघर्ष से पाई सफलता। अधिवक्ता आशुतोष की मैट्रिक तक की पढ़ाई सरस्वती विद्या मंदिर से हुई है।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जिले के केनगर प्रखंड के चुनापुर गांव के छात्र आशुतोष ने अपनी प्रतिभा के दम पर लंबी उड़ान भरी है। वे इसरो के विज्ञानी पद पर चयनित हुए हैं। इसरो की मैकेनिकल साइंटिस्ट की परीक्षा में उन्हें 22 वां रैंक मिला है। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार के आशुतोष की इस सफलता से पूरा गांव झूम उठा है।
गांव वासी सह पेशे से अधिवक्ता विनय प्रकाश झा के पुत्र आशुतोष कुमार की आशुतोष की मैट्रिक तक की पढ़ाई सरस्वती विद्या मंदिर से हुई है। जिला स्कूल से उन्होंने इंटर की पढ़ाई पूरी की। पूर्णिया के जिला स्कूल से हुई। इसके बाद उसने उड़ीसा से बीटेक और आईआईटी दिल्ली से एमटेक किया। आशुतोष पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को अपना आदर्श मानते हैं। बतौर आशुतोष देश की सेवा करने की उनकी तमन्ना इस मुकाम पर पहुंचने से साकार होने लगी है।
आशुतोष की मां ने कहा कि गरीबी के कारण पढ़ाई-लिखाई में आशुतोष को काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अपने संघर्ष और मिहनत की बदौलत उसने यह मुकाम हासिल किया है। आशुतोष के पिता विनय प्रकाश झा ने कहा कि उन्होंने काफी संघर्ष कर आशुतोष को पढ़ाया है। लाकडाउन में जब उनकी माली हालत काफी खराब हो गई तो आशुतोष ने दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी कर अपनी पढ़ाई की और घर को भी संभाला।
आशुतोष ने इसरो साइंटिस्ट की परीक्षा में देश भर में 22 वां रैंक लाकर उन लोगों का सिर ऊंचा कर दिया है। उनकी बेटी ने भी अपने पहले ही प्रयास में बीपीएससी पीटी में सफलता प्राप्त की है। आशुतोष की बहन राखी ने कहा कि उनलोगों की एक ही तमन्ना है कि उनका भाई इसरो साइंटिस्ट के रूप में देश के लिए बड़ा काम करें। आशुतोष को शिक्षकों, स्वजनों, मित्र, सगे-संबंधियों सहित आमलोगों ने भी बधाई दी है। कहा कि-आशुतोष ने जिले का नाम देश में रोशन किया है।