स्कूल की दीवार से मध्य हटाकर प्राथमिक लिखवाने का निर्देश, जानिए क्या है मामला Bhagalpur News
जनवरी में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा भूलवश इस स्कूल को मध्य विद्यालय लिखकर एक पत्र जारी किया गया था जिसमें विनय कुमार राय को प्रधानाध्यापक प्रतिनियुक्त किया गया था।
भागलपुर [जेएनएन]। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी बिहपुर में बीडीओ अश्वनी कुमार की मौजूदगी में प्रभारी प्रधानाध्यापिका सरिता कुमारी के द्वारा पांचवीं पास बच्चों को टीसी दिया गया। इस स्कूल को मध्य विद्यालय और खुद को मवि का प्रधानाध्यापक बताते हुए शिक्षक विनय कुमार राय ने बच्चों को टीसी देने से मना कर दिया था। इस कारण पांचवीं पास बच्चों का वर्ग छह में नामांकन नहीं हो रहा था। इसको लेकर शुक्रवार को बच्चों और उनके अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया था। विनय कुमार राय ने विद्यालय की दीवार से प्राथमिक विद्यालय का नाम हटाकर भी मध्य विद्यालय लिखवा दिया था।
बीडीओ ने बताया कि बिहपुर प्रखंड में मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी नाम से कोई स्कूल नहीं है। तो फिर उस स्कूल के प्रधानाध्यापक विनय कुमार राय कैसे हो गए? उन्होंने स्कूल की दीवार से तत्काल मध्य विद्यालय का नाम मिटाकर प्राथमिक विद्यालय लिखवाने का निर्देश प्रभारी सरिता कुमारी को दिया। साथ ही कहा कि अगर विनय कुमार राय यहां फिर से आते हैं और खुद को प्रधानाध्यापक या शिक्षक बताते हैं तो इसकी लिखित सूचना मुझे दें। इस पूरे प्रकरण को लेकर डीइओ को पत्र लिखेंगे। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व बीआरसी से यह पूछा जाएगा कि यहां यह मामला बीते आठ माह से चल रहा था तो आपने क्या कार्रवाई की? सरकारी स्कूल किसी की निजी संपत्ति नहीं है। किसी को मनमानी की छूट नहीं दी जाएगी।
क्या था मामला
जनवरी में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा भूलवश इस स्कूल को मध्य विद्यालय लिखकर एक पत्र जारी किया गया था, जिसमें विनय कुमार राय को प्रधानाध्यापक प्रतिनियुक्त किया गया था। बाद में भूल सुधार करते हुए जिला कार्यालय ने उक्त शिक्षक को यहां से मध्य विद्यालय अमरपुर कर दिया। मगर शिक्षक विनय अब भी खुद को मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी का प्रधानाध्यापक बताते हुए डटे थे।