भारतीय रेल: इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन डकैती मामले में नपे इंस्पेक्टर, सुधीर को फिर से जिम्मेदारी
भारतीय रेल इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन डकैती मामले में भागलपुर रेल थाना के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सस्पेंड कर दिए गए हैं। उनकी जगह सुधीर कुमार सिंह को फिर से जिम्मेदारी दी गई है। 13 अप्रैल को रतनपुर-ऋषि कुंड स्टेशन के बीच हुई थी घटना।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। 13 अप्रैल को रतनपुर-ऋषिकुंड स्टेशन के बीच दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी स्पेशल में डकैती मामले में रेल पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में भागलपुर रेल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को सस्पेंड किया गया है। इन्हें रेल जिला मुख्यालय जमालपुर में योगदान देने को कहा गया है। वहीं, इनकी जगह पर सुधीर कुमार सिंह को तत्कालीन तौर पर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार को सुधीर कुमार रेल थाना में योगदान देंगे। सुधीर कुमार सिंह करीब ढाई वर्ष भागलपुर रेल थाने का कमान संभाल चुके हैं। रेल पुलिस में तेज तर्रार अफसरों में इनकी गिनती होती है।
रेल एसपी आमिर जावेद ने कहा कि रात्रि की ट्रेन में आर्म्स के साथ एस्कोर्ट हर हाल में अनिवार्य कर दिया गया है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरते जाने का सख्त निर्देश है। इसके बाद भी जिस दिन इंटरसिटी में घटना हुई थी उस दिन इंटरसिटी में बिना आर्म्स के ही एस्कोर्ट पार्टी थी। रेल एसपी ने कहा कि रेल पुलिस मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई की गई है। दरअसल, 15 की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने सिक्के के सहारे सिग्नल को लाल कर दिया था। इसके बाद डाउन मार्ग में आ रही इंटरसिटी स्पेशल में घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी।
विशेष टीम को मिली थी सफलता
इंटरसिटी में हुई घटना के बाद रेल एसपी आमिर जावेद ने रेल डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया था। इसमें भागलपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार सिंह, जमालपुर रेल थाना प्रभारी अरविंद कुमार सहित दो और पदाधिकारियों को शामिल किया गया था। घटना के चार दिन बाद विशेष टीम ने मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया टोला निवासी सुमन कुमार उर्फ विकास कुमार और बरेल बाजार निवासी किशोर हिमांशु कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया था।
रेल व यात्रियों सुरक्षा पहली प्राथमिकता
सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। साथ ही रेल यात्रियों के भी सुरक्षा पर ध्यान दिया जाएगा। लगातार गश्ती किया जाएगा। प्लेटफार्म पर विशेष नजर रहेगी। इस जिम्मेदारी से टीम वर्क के साथ निभाया जाएगा। साथ ही हरेक संदिग्ध चीजों पर नजर रहेगी। लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में रेल पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सभी से अपील की कि सभी कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।