17 घंटे खड़ी रहती है दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र-यशवंतपुर साप्ताहिक ट्रेन का 59 घंटे नहीं होता उपयोग
भारतीय रेल इन ट्रेनों का हो जाए मार्ग विस्तार तो बिहार के कोसी क्षेत्र की बदल जाएगी सूरत। खगड़िया से हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से जमालपुर हावड़ा जाने वाली जमालपुर हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के मार्ग विस्तार करने की मांग की है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। जेडआरयूसीसी के सदस्य सुभाष चंद्र जोशी ने एक बार फिर कई जोड़ी ट्रेनों के मार्ग विस्तार के लिए रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया है। खासकर खगड़िया से हावड़ा के लिए मुंगेर के रास्ते सीधी ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से जमालपुर हावड़ा जाने वाली 13071/72 जमालपुर हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के मार्ग विस्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के मार्ग विस्तार होने से एक तरफ रेलवे को फायदा होगा, वहीं हजारों यात्रियों की परेशानी दूर होगी। जोशी ने रेल मंत्री से मांग की है कि 12791/ 92 दानापुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस, 22351/52 पाटलिपुत्र- यशवंतपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस, 22971/72 पटना- बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12149/50 दानापुर- पुणे एक्सप्रेस, 1522 1/22 बरौनी- एर्नाकुलम एक्सप्रेस और 13071/72 जमालपुर- हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार कर सहरसा अथवा कटिहार से यात्रियों की हित में चलाई जाए।
दानापुर में 17 घंटे खड़ी रहती है दानापुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस
12791/92 दानापुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस संध्या 7:00 बजे दानापुर पहुंचती है। जहां से अगले दिन 12:25 बजे सिकंदराबाद के लिए खुलती है। इस बीच लगभग 17 घंटे का समय बचता है। जिसका उपयोग कर जहां एक तरफ रेलवे को आर्थिक फायदा पहुंचाया जा सकता है, वहीं यात्रियों को यातायात के लिए सुविधा मिल सकती है। गाड़ी का मार्ग विस्तार कर सहरसा या कटिहार से चलाया जा सकता है।
पाटलिपुत्रा स्टेशन पर 59 घंटे खड़े रहती है पाटलिपुत्र- यशवंतपुर साप्ताहिक ट्रेन
22351/ 52 पाटलिपुत्र- यशवंतपुर साप्ताहिक ट्रेन 59 घंटे पाटलिपुत्र स्टेशन पर खड़ी रहती है। 59 घंटे के बाद इस ट्रेन का परिचालन यशवंतपुर के लिए किया जाता है। अगर इस ट्रेन का मार्ग विस्तार सहरसा, कटिहार या जोगबनी से कर दिया जाए तो यात्रियों को खासी सुविधा होगी।
22971/72 पटना- बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के 26 घंटे हैं उपयोगी
पटना- बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 26 घंटे पटना जंक्शन में खड़ी रहती है। इसका सही उपयोग कर ट्रेन का मार्ग विस्तार किया जा सकता है। जिसे सहरसा, कटिहार या जोगबनी से चलाते हुए इस समय का सही उपयोग कर हजारों यात्रियों को सुविधा दी जा सकती हैं।
12149/50 दानापुर- पुणे एक्सप्रेस 19 घंटे रहती है खड़ी
दानापुर- पुणे एक्सप्रेस दानापुर में 19 घंटे खड़ी रहती है। जिसका मार्ग विस्तार कर सहरसा, कटिहार या जोगबनी से चलाया जा सकता है। इस ट्रेन के चलने से बिहार के कोसी क्षेत्र के हजारों यात्रियों को फायदा होगा।