दो ठेकेदार भाइयों के यहां आयकर सर्वे, 50 लाख बरामद, एक साथ पहुंची दो टीम
बांका के रजौन निवासी दो ठेकेदार भाई ललन कुमार और सुमन कुमार के कार्यालयों में एक साथ दो टीम पहुंची। आयकर अधिकारियों ने दोनों के पिछले पांच सालों में दाखिल आयकर रिटर्न के आधार पर संपत्ति का आकलन भी किया है। रुपये भी बरामद किए।
भागलपुर, जेएनएन। आयकर विभाग की टीम ने आयकर चोरी मामले में दो ठेकेदार भाइयों ललन कुमार और सुमन कुमार के यहां सर्वे की। अचानक सर्वे को पहुंची टीम में शामिल पदाधिकारियों ने सुबह से देर शाम तक 50 लाख रुपये नकद बरामद करने में सफलता पाई। टीम को करोड़ों की बेनामी संपत्ति का भी पता चला है जिससे संबंधित दस्तावेज का पता लगाया जा रहा है। सर्वे का काम गुरुवार की 11 बजे रात तक चली। सर्वे का काम शुक्रवार को भी करने की बात कही गई है। सर्वे में धनबाद, जमशेदपुर और पटना के वरीय आयकर अधिकारी शामिल हैं। जिन्हें सहयोग के लिए भागलपुर मुख्यालय की टीम भी सहयोग कर रही है। दोनों ठेकेदार भाई मूल रूप से बांका जिले के रजौन के रहने वाले हैं।
ललन और सुमन की निर्माण कंपनी के पास ढेरों सरकारी ठेका
जोगसर पुलिस चौकी क्षेत्र के सेंट टेरेसा स्कूल वाली गली में बने एक बिल्डिंग में रहने वाले ललन कुमार के पास कई सरकारी विभागों का ठेका है। ललन घर में कार्यालय भी खोल रखा है। एक शिक्षण संस्थान का संचालन भी उनकी बिल्डिंग से ही होता है। ललन के भाई सुमन कुमार राधारानी सिन्हा रोड में आवास में ही ऑफिस चलाते हैं। दोनों भाइयों के संयुक्त नाम से लोटस कंस्ट्रक्शन कंपनी रजिस्टर्ड है। कंपनी के पास कई सरकारी विभागों का ठेका है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने कई अपार्टमेंट में करोड़ों का निवेश कर रखा है। सर्वे टीम दोनों भाइयों के कार्यालय में मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है। आयकर अधिकारियों ने दोनों ठेकेदार भाइयों के पिछले पांच सालों में दाखिल आयकर रिटर्न के आधार पर संपत्ति का आकलन भी किया है। शुक्रवार को दोनों से जुड़े कई संपत्तियों के दस्तावेज भी मिलने की संभावना जताई जा रही है। टीम के अधिकारी इस दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।