बालू माफिया बेलगाम : रात के अंधेरे में प्रतिबंधित बालू घाटों से हो रहा अवैध खनन
भागलपुर के जगदीशपुर सजौर गोराडीह बांका के रजौन बौंसी अमरपुर थाना व पुलिस चौकी इलाके में बालू की तस्करी हो रही है। इन इलाकों में बालू की डंपिंग और लोडिंग धड़ल्ले से जारी है।
भागलपुर [बलराम मिश्र]। बांका-भागलपुर में फिर से बालू माफिया का आतंक कायम हो गया है। इन जिलों में मौजूद बालू घाटों पर प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से खनन और उठाव हो रहा है। जिससे सरकार को करोड़ों के राजस्व की हानि हो रही है। रात के अंधेरे में प्रतिबंधित घाटों पर रात भर बड़ी जेसीबी और हाइवा में बालू लोड किया जाता है। भागलपुर के जगदीशपुर, सजौर, गोराडीह, बांका के रजौन, बौंसी, अमरपुर आदि थाना व पुलिस चौकी इलाके में बालू की तस्करी हो रही है। इन इलाकों में अवैध बालू की डंपिंग और लोडिंग धड़ल्ले से जारी है। मुख्यालय के सख्त निर्देश के बाद भी अवैध उठाव जारी है। इसमें पुलिस वालों की भूमिका भी संदेहास्पद है।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर होती है सख्ती, फिर वही हाल
बालू तस्करी रोकने को लेकर मुख्यालय काफी गंभीर है। मुख्यालय द्वारा सख्ती के का पत्र मिलते ही संबंधित महकमा व पुलिस सख्ती शुरू कर देती है। लेकिन कुछ दिनों बाद फिर उनकी चांदी कटनी शुरू हो जाती है। उन्होंने तस्करी से अकूत संपत्ति भी अर्जित की है। जिस लेकर पुलिस कई बार संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव देने की बात कहती है। लेकिन कुछ दिन बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
बांका का बालू भागलपुर में हो रहा डंप
बांका और भागलपुर के प्रतिबंधित घाटों का ज्यादातर बालू सजौर, गोराडीह, मधुसूदनपुर, नाथनगर, कजरैली इलाके में डंप कर रखा जाता है। बांका में भी कई बगीचों में काफी मात्रा में बालू डंप कर छिपाया जाता है। इन क्षेत्रों में पुलिस की आवाजाही होती है, लेकिन वे उसे नजर अंदाज कर देते हैं। इससे उनकी भूमिका पर भी संदेह होता है।
निकल रही तीन सौ से ज्यादा छोटी-बड़ी गाडिय़ां
प्रतिबंधित बालू घाटों से हर रोज हाइवा, ट्रैक्टर समेत अन्य छोटी-बड़ी दो सौ से ज्यादा गाडिय़ा निकल रही हैं। बालू लदे ये वाहन रात को ही निकलते हैं। ताकि पुलिस की नजर से बच सके। बांका व भागलपुर के बड़े घाटों से बड़े-बड़े हाइवा से गाडिय़ां निकल रही है। शहर होते हुए ही ये गाडिय़ां बाहर जाती है।
रात को अवैध वसूली का होता है खेल
बांका से लेकर भागलपुर के मुख्य मार्गों में रात को पुलिस द्वार अवैध वसूली का खेल होता है। बालू वाले वाहनों से मोटी रकम की वसूली होती है। वरीय आधिकारियों के सख्त निर्देश के बाद भी कई बार गश्ती में शामिल पदाधिकारी वसूली के कारण नपे हैं। बावजूद वसूली बंद नहीं हुई है।
दोनों जिलों में बालू तस्करों के विरूद्ध पुलिस को सख्त कार्रवाई का निर्देश है। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी। - सुजीत कुमार, डीआइजी भागलपुर
- बांका व भागलपुर के घाटों पर रात को लगा रहता माफियाओं का मेला
- डीआइजी ने पुलिस पर हमले के बाद सख्त कार्रवाई का दिया है निर्देश