पत्नी को बार-बार कहता था मायके से रुपये लाने, नहीं लाने पर पति ने उठाया यह धिनौना कदम Bhagalpur News
दहेज की रकम पूरी करना करना एक महिला को भारी पडा। उसके पति पर आरोप है कि उसकी हत्या जहर देने से हुई है। प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भागलपुर [जेएनएन]। नवगछिया अंतर्गत रंगरा ओपी थाना क्षेत्र में एक लाख रुपये दहेज नहीं देने पर महिला की हत्या कर दी गई। मृत महिला रंगरा चौक ओपी क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सौरभ यादव की पत्नी नैना देवी (22) थी। इस संबंध में मृत महिला के चाचा खगडिय़ा जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के खैराडीह निवासी सुनील यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सुनील ने पुलिस को बताया कि ढाई वर्ष पूर्व भवानीपुर निवासी सौरभ यादव के साथ नैना देवी की शादी हुई थी। शादी में उपहार स्वरूप मोटरसाइकिल और जेवर दिए थे। शादी के बाद बराबर सुसराल वाले दहेज की मांग करते थे। छह माह बाद 50 हजार रुपये की भैंस दी गई। फिर भी नैना को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता रहा। बाद में वे एक लाख रुपये दहेज मांगने लगे और नहीं देने पर प्रताडि़त करने लगे। दहेज के लिए शुक्रवार को भी ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। यह जानकारी नैना ने फोन पर दी थी। इस संबंध में शनिवार की सुबह रंगरा ओपी पुलिस को जानकारी दी गई थी।
साढ़े आठ बजे रंगरा ओपी पुलिस सौरभ के घर गई थी तो ससुराल वालों ने बताया कि यह घर का मामला है। नैना देवी के साथ मारपीट नहीं हुई है। लेकिन पुलिस नैना देवी से बिना मिले ही वापस लौट आई। सुबह दस बजे जानकारी मिली की ससुराल वालों ने नैना को जहर खिलाकर हत्या कर दी है। इसकी जानकारी रंगरा चौक ओपी पुलिस को दी। पुलिस ने सौरभ के घर पहुंच कर नैना देवी के शव को कब्जे में लिया। घर के सभी लोग फरार हो गए थे। केवल मां वहां पर थी। पुलिस ने सौरभ की मां को हिरासत में ले लिया। नैना के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। रंगरा ओपी प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि दहेज के लिए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिसमें पति सौरभ कुमार, देवर गौरव कुमार, ससुर हुलो यादव को नामजद आरोपित बनाया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।