भाभी गईं मायके, देवर ने झाड़ा नकदी समेत कीमती सामान
जिले के फुलवरिया गांव में एक चोरी की घटना घटी है। देवर ने ही अपने भाभी के घर चोरी कर ली। भाभी मायके गई थी। इसी दौरान रात में घटना घटी है।
भागलपुर, जेएनएन। बाइपास थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी राज रानी के सूने घर में चोरी की बड़ी घटना प्रकाश में आई है। बाइपास थाने में घटना की बाबत राज रानी ने देवर अभय पांडेय उर्फ मुन्ना को आरोपित बनाया है। दर्ज केस के अनुसार राज रानी अपने घर में ताला लगा आठ सितंबर 2020 को कजरैली थाना तेतरहार गांव स्थित मायके आई थी। उसके दोनों पुत्र बाहर नौकरी करते हैं। वह घर में अकेली रहती है। मायके से वापस लौटने पर उसे घर का ताला टूटा मिला। घर से नकदी, जेवरात, जमीन के दस्तावेज, दोनो पुत्रों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बर्तन आदि सब गायब मिले। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है।
ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्व में दर्ज कराई थी देवर की शिकायत
राजरानी ने दर्ज केस में जिक्र किया है कि वह अपने देवर अभय पांडेय उर्फ मुन्ना की शिकायत पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्व में दर्ज कराई थी। वह पूर्व में जान मारने की धमकी दी थी। वह हमेशा किसी न किसी अप्रिय घटनाओं की बात कर भयभीत करता रहता था।
बदमाशों ने पिस्तौल सटाकर दस हजार लूटा
गोराडीह थाना क्षेत्र में लुटेरों ने ऑटो चालक मिथिलेश मंडल को पिस्तौल सटाकर दस हजार लूट लिए। लुटेरों ने उसके गले में पड़ी सोने की चेन भी लूट लिया। बदमाशों ने घटना को तब अंजाम दिया जब वह बाजार से कुरथी बेच कर लौट रहा था। बड़ी जमीन गांव के समीप ही बदमाशों ने उसका रास्ता रोक पिस्तौल सटाकर नीचे उतार लिया। उसके साथ मारपीट की। घटना की बाबत मिथिलेश के मामा ऑटो मालिक अनिल मंडल ने गोराडीह थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इसके अलावा भी पिछले दो दिनों में यहां कई घटनाएं घटी है। शहर में बम विस्फोट हुआ है। चावल व्यवसायी के घर लूट हुई है। सभी मामलों की जांच पुलिस कर रही है।