स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में बाल-बाल बचे पीरपैंती विधायक
भागलपुर-जगदीशपुर रोड में गुरुवार की शाम पीरपैंती के राजद विधायक रामविलास पासवान सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
भागलपुर। भागलपुर-जगदीशपुर रोड में गुरुवार की शाम पीरपैंती के राजद विधायक रामविलास पासवान सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। उनकी स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने सामने से टक्कर हो गई, जिससे उनकी गाड़ी का अगला शीशा टूट गया। विधायक शाम में खिरीबांध से राजद की बैठक खत्म कर सन्हौला के रास्ते फिर पीरपैंती जाने वाले थे। घटना में उनके गार्ड और ड्राइवर राजकुमार सिंह को भी चोट आई है।
घायल विधायक को तत्काल अन्य राजद कार्यकर्ता इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गए। लेकिन वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं थे। तभी जिलाधिकारी प्रणव कुमार के पीए तक यह सूचना पहुंचाई गई। इसके बाद अस्पताल में चिकित्सक पहुंचे और इमरजेंसी में भर्ती राजद विधायक का इलाज किया। चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई। कुछ अंदरूनी चोटें विधायक को आई है। उन्हें रात को ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
वे अस्पताल से निकलकर सर्किट हाउस पहुंचे। सुबह जरूरी चेकअप के बाद वे पीरपैंती के लिए निकलेंगे। इस दौरान उनके साथ राजद के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, जिप सदस्य अशोक कुमार आलोक के अलावा अन्य राजद कार्यकर्ता मौजूद थे। विधायक के दुर्घटना में घायल होने की जानकारी पर प्रदेश के नेताओं ने भी उनका मोबाइल पर हालचाल जाना। घटना का कारण स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने ओवरटेक बताया।