फलका में गश्ती पर निकले हवलदार को ट्रक ने कुचला, झारखंड के देवघर के रहने वाले थे सोहन लाल मंडल
कटिहार में गश्ती पर निकले फलका थाना के हवलदार को फलका थाना क्षेत्र के ही गोपालपट्टी के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक हवलदार सोहन लाल मंडल झारखंड राज्य के देवघर के मूल निवासी थे।
जागरण संवाददाता, कटिहार। जिले में रफ्तार का कहर लगातार जारी है। गुरुवार की रात एच एच 77 पर इस कहर की चपेट में एक पुलिस कर्मी भी आ गए। गश्ती पर निकले फलका थाना के हवलदार को फलका थाना क्षेत्र के ही गोपालपट्टी के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक हवलदार सोहन लाल मंडल झारखंड राज्य के देवघर के मूल निवासी थे।
जानकारी के अनुसार सोहनलाल मंडल अन्य पुलिस कर्मियों के साथ रात्रि गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान गोपालपट्टी के समीप चाय की तलब होने पर वे पुलिस वाहन से उतरकर चाय पीने सड़क पार कर दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान मीरगंज से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में उनका सिर पूरी तरह धड़ से अलग हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फलका थानाध्यक्ष उमेश पासवान भी मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया। इधर तत्काल चौकसी बरतते हुए पोठिया ओपी पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक के साथ उनके स्वजनों को भी दी गई। घटना से पुलिस कर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।