लखीसराय के लहसोरबा से हार्डकोर नक्सली शंकर यादव गिरफ्तार, एक दर्जन से ज्यादा मामलों में है नामजद
लखीसराय से लहसोरबा से हार्डकोर नक्सली शंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थाने में दर्जन भर से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आने के बाद भी वो एक नक्सली संगठन के लिए सक्रियता से काम कर रहा था।
संवाद सूत्र, पीरी बाजार (लखीसराय) : नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस प्रशासन को एक बार फिर सफलता मिली है। पीरी बाजार के नक्सल प्रभावित गांव लहसोरबा से एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। इसकी सूचना लखीसराय एसटीएफ के डीएसपी विभाष कुमार ने दी है। जानकारी के अनुसार एसटीएफ, एसएसबी कजरा एवं स्थानीय पीरी बाजार थाना पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में स्थानीय दरोगी यादव के पुत्र हार्डकोर नक्सली शंकर कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उक्त नक्सली के खिलाफ पीरी बाजार, कजरा, चानन सहित अन्य कई थानों में में लगभग दर्जन भर मामले दर्ज हैं।
पीरी बाजार क्षेत्र के कवाड़ी कोल में पुलिस मुठभेड़ के साथ-साथ लहसोरबा गांव से भूना यादव एवं उनके दो पुत्रों विकास यादव एवं बबलू यादव व भतीजा संजय यादव को अगवा करने का आरोपित है। इन लोगों के साथ गिरफ्तार नक्सली का जमीन संबंधित विवाद था। वहीं वर्ष 2018 मनियारा जंगल में सर्च आपरेशन के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में भी वह नामजद है। इसके अलावा रामतलीगंज एवं शिवडीह के बीच शिवडीह के स्व. महेश राम के पुत्र ओटो चालक सनी कुमार की गई हत्या में भी वह नामजद होने के साथ-साथ विभिन्न थानों में दर्ज दर्जन भर मामले का वह आरोपित है।
यह भी पढ़ें: विक्रमशिला पुल के पास चेकिंग कर रहे दारोगा को उठा ले गए शराब तस्कर, धमकी देकर तेतरी में छोड़ा
शंकर यादव को पूर्व में भी 10 अगस्त 2019 को गिरफ्तार किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह पुन: संगठन में सक्रिय था। वह संगठन के शीर्ष नेता बालेश्वर कोड़ा, अर्जुन कोड़ा आदि का बेहद करीबी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गहन पूछताछ की है। उसने पुलिस को कई अहम जानकारी दी है।