घनश्याम हत्याकांड : मानव तस्करी में पहले भी जेल की हवा खा चुकी है हत्यारोपित रिंकू
घनश्याम हत्याकांड पुलिस ने अभिया गांव की रिंकू देवी और गोढिय़ारी गांव के अखिलेश मोदी को गिरफ्तार किया है। रिंकू देवी घनश्याम की पत्नी की भाभी है।
भागलपुर, जेएनएन। नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया गांव में अपने ससुराल आए भागलपुर निवासी घनश्याम मंडल की चार दिनों पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अभिया गांव की रिंकू देवी और गोढिय़ारी गांव के अखिलेश मोदी को गिरफ्तार किया है। रिंकू देवी घनश्याम की पत्नी की भाभी है। छानबीन में पुलिस को पता चला कि रिंकूं देवी मानव तस्करी के धंधे से जुड़ी रही है, जिसमें वह जेल की हवा भी खा चुकी है। इस धंधे में अखिलेश मोदी उसकी मदद करता था।
गोपालपुर सहित नवगछिया के कई सुदूर इलाके से शादी के नाम पर गरीब व भोली-भाली लड़कियों की तस्करी करने की बात सामने आई है। अभिया की कई लड़कियों और बहूओं को बहला-फुसला कर बेच चुकी है। तीन वर्ष पहले अपनी छोटी गोतनी को भी मानव तस्करों के हाथ बेच दी थी। मामला, पुलिस में आने पर अपनी गोतनी को वापस बुला ली थी। इसी मामले में वह जेल गई थी। पांच वर्ष पूर्व अपनी ननद यानी घनश्याम की पत्नी को बेचने का भी उस पर आरोप है। इसको लेकर ही घनश्याम का ससुराल वालों से अक्सर विवाद होता था। वह अपनी पत्नी को वापस बुलाने के लिए रिंकू देवी से अक्सर झगड़ा-झंझट किया करता था। शनिवार को मौका देखकर रिंकू देवी के इशारे पर अखिलेश मोदी ने घनश्याम मंडल को गोली मार दी। सोमवार को मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान घनश्याम की मौत हो गई। इससे पहले घनश्याम के दिए फर्द बयान पर ही दोनों को नामजद किया गया था। रिंकू देवी का पति कमली मंडल मजदूरी करता है। रिंकू का मायका कटिहार जिले में है।
राहुल के पिता ने की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग
गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया गांव में दो दिनों पूर्व विवाहिता शिल्पी कुमारी और पड़ोसी युवक राहुल का शव शिल्पी के घर के शौचालय में मिला था। दोनों की मौत गोली लगने से हुई थी। युवक के पॉकेट से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस प्रथमदृष्टया इस कांड को आत्महत्या मान रही है। हालांकि, मामले की तफ्तीश जारी है। राहुल के पिता प्रमोद मंडल ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि राहुल मेरा इकलौता पुत्र था। इस घटना में वह मारा गया या खुद से मरा है यह जांच का विषय है। पर, मुझे विश्वास है कि मेरा पुत्र न आत्महत्या कर सकता है और ना ही किसी को मार सकता है। घटना जिस किसी भी परिस्थिति में हुई हो, जांच सही होनी चाहिए। बता दें कि प्रमोद मंडल बिहार पुलिस के जवान हैं, जिनकी तैनाती बांका जिले में है। 26 वर्षीय शिल्पी कुमारी बीएसएफ जवान सुबोध मंडल की पत्नी थी।