नवगछिया में लूटकांड की साजिश रचते चार बदमाश हथियार-गोली के साथ गिरफ्तार, दो दिन पहले भी पकड़े गए थे
नवगछिया में अपराधी हाल के दिनों में फिर सक्रिय हो गए हैं। जमुनिया श्रीपुर और मील टोला के अपराधियों को पुलिस ने लूट की साजिश रचते गिरफ्तार किया है। इन लोगों के पास से एक कट्टा दो गोली चार मोबाइल और लूटकांड में प्रयुक्त बाइक बरामद किया गया है।
संवाद सहयोगी, नवगछिया। बाबा विशुराउत पुल के समीप घात लगाकर लूटपाट की साजिश रचते चार बदमाशों को नवगछिया पुलिस ने हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों में परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी मु. जुबैर, मु. ताजिम, नवगछिया के श्रीपुर निवासी गौतम कुमार, मील टोला निवासी श्याम ङ्क्षसह उर्फ कारे शामिल हैं। इनके पास से एक कट्टा, दो गोली, चार मोबाइल और लूटकांड में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी हुई है।
एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी हथियार के बल पर लूटपाट करने की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। सूचना स्थल पर पहुंचते ही देखा गया कि पांच-छह अपराधी आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहे हैं। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। दो अपराधी भाग निकले। जबकि चार को दबोच लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है। दो दिन पहले भी पुलिस ने इस तरह की कार्रवाई की थी। इस दौरान कई लोगों को पकड़ा गया था।
कई कांडों में रही है संलिप्तता
गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में गत 25 मई को हुई पिकअप चालक से हुई लूटपाट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। लूटे गए दोनों मोबाइल भी बरामद हुए हैं। मु. जुबैर के विरुद्ध ढोलबज्जा थाना में धोखाधड़ी का भी केस दर्ज है। मु. ताजीम पर परबत्ता थाने में चोरी का केस दर्ज है। श्याम ङ्क्षसह पर खरीक थाने में लूट की प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी दल में एसडीपीओ दिलीप कुमार, नवगछिया थानाध्यक्ष राजकुमार ङ्क्षसह, नवगछिया थाना के सअनि सुरेश यादव शामिल थे। इस सफलता के लिए नवगछिया थानाध्यक्ष को पांच सौ रुपये, सअनि सुरेश यादव को तीन सौ रुपये, सिपाही व होमगार्ड जवान को दो-दो सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।