JLNMCH में डेंगू के चार नए मरीज भर्ती, एक की हालत गंभीर Bhagalpur News
भागलपुर में डेंगू का कहर जारी है। प्रत्येक मुहल्ले में दर्जनों लोग इससे प्रभावित हैं। अस्पतालों में रोज नए मरीज भर्ती हो रहे हैं। इलाज भी नहीं हो रहा है।
भागलपुर [जेएनएन]। मायागंज अस्पताल के डेंगू वार्ड में दो दिनों के अंदर चार नए डेंगू के मरीज भर्ती किए गए। इसमें से एक मरीज की हालत नाजुक है। उसे डायलिसिस कराने की सलाह डॉक्टरों ने दी है। वहीं, सदर अस्पताल के डेंगू वार्ड में आठ डेंगू के मरीज भर्ती हैं।
मायागंज अस्पताल के डेंगू वार्ड में सोमवार को नौ मरीज इलाज करवा रहे हैं। रविवार और सोमवार को चार मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें कहलगांव के 23 वर्षीय राज कुमार दास की स्थिति गंभीर है। डॉ. केडी मंडल की यूनिट में भर्ती राज कुमार दास को डेंगू वार्ड में ही रखा गया है। डेंगू वार्ड में पोछा नहीं लगने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।
सदर अस्पताल में आठ मरीजों का चल रहा इलाज
सदर अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र को डेंगू वार्ड बनाया गया है। बताया गया कि नोड्ल पदाधिकारी डॉ. सीएम सिंह शनिवार से डेंगू वार्ड में नहीं आए हैं। इस संबंध में पूछने पर डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि डॉक्टरों की रोस्टर ड्यूटी लगाई गई है। अभी तक 45 डेंगू पीडि़तों को भर्ती किया जा चुका है। जबकि वार्ड में आठ मरीज भर्ती हैं।
किया गया फॉगिंग
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 10 वार्डों में फांगिंग कराई जा चुकी है। वहीं, सोमवार को वार्ड 39 और 40 में फॉगिंग की गई। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वार्ड की गलियों में भी फॉगिंग की जा रही है।