पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कहा-तिरंगा और भगवा के बीच चल रही है लड़ाई Katihar News
पूर्व सांसद ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि देश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ गया है। सरकार विकास को छोड़ देश के लोगों को आपस में लड़ा रही है।
कटिहार, जेएनएन। पूर्व सांसद पप्पू यादव मंगलवार को कटिहार पहुंचे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि भारत की छवि विश्व के अन्य देशों के सामने खराब हुई है। देश का सांप्रदायिक सौहार्द काफी बिगड़ा हुआ है। पूर्व सांसद कटिहार में प्रेस कॉफ्रेंस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि देश में तिरंगा और भगवा के बीच लड़ाई की स्थिति है। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ विवादित मुद्दों को उठाती है। इससे देश का भला नहीं होता है। भारत में दो समुदाय के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
भारत की पहचान यहां के सांप्रदायिक सौहार्द के कारण है। यह सरकार सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम करती है। दिल्ली चुनाव में भी बीजेपी राजनीतिक मर्यादा को भूल चुकी है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे देश के सबसे बेहतर मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली के विकास में उनका बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने दिल्ली में फिर अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि वहां की जनता विकास के आधार पर आम आदमी पार्टी को वोट देगी।
उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ सरकारी रुपयों को खर्च करने के लिए कार्यक्रम करती है। जिसका राज्य को कोई फायदा नहीं होता। विकास के मामले में बिहार, दिल्ली की धूल के बराबर भी नहीं है।
उन्होंने सीएए और एनआरसी के मुद्दे पर 8 फरवरी के बाद बिहार से आर-पार की लड़ाई लड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी से देश को काफी नुकसान हुआ है। प्रेस वार्ता के दौरान पपू यादव ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कार्यकर्ताओं से कही। कार्यकर्ताओं ने उनका इलाज करवाया। चिकित्सक ने उन्हें आराम की सलाह दी है।