आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओयू ने बांका में पूर्व डीडीसी देवेंद्र प्रसाद का बंगला किया सील
आर्थिक अपराध इकाई की एक टीम ने बुधवार को बांका में कार्रवाई कर पूर्व डीडीसी देवेंद्र प्रसाद का आलीशान बंगला सील कर दिया है।
बांका। आर्थिक अपराध इकाई की एक टीम ने बुधवार को बांका में कार्रवाई कर पूर्व डीडीसी देवेंद्र प्रसाद का आलीशान बंगला सील कर दिया है। ईओयू की टीम घर के दरवाजे पर सील बंद कर इसकी चाबी अपने साथ ले गई। देवेंद्र प्रसाद पर पद का दुरूपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। 2013 में ही आर्थिक अपराध इकाई ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके पहले निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भी इनके खिलाफ कार्रवाई की थी। जिसकी जांच पूरी होने के बाद सरकार ने उनके बंगला को जब्त कर लिया है। इसके लिए पटना से आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारी वजीरउद्दीन अंसारी और मनोज कुमार झा की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम बांका पहुंची थी। बंगला सील करने के बाद उन्होंने बताया कि आज से अधिकारी का यह बंगला बिहार सरकार का हो गया है। इसे सरकारी संपत्ति घोषित कर दिया गया है। जब्ती के वक्त घर से कोई सामान नहीं मिला है। जल्द ही इसमें किसी सरकारी विद्यालय को शिफ्ट किया जाएगा। इस कार्रवाई में टीम को सहयोग के लिए बांका के अपर समाहर्ता डा.संजय कुमार, एसडीओ मनोज कुमार चौधरी, सीओ सुजीत कुमार, एसआई राजीव चौधरी बड़ी संख्या में पुलिस बलों के साथ वहां मौजूद थे। सुबह-सुबह परिसदन के समीप मुहल्ला में बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी देख लोग सकते में आ गए। थोड़ी देर बाद उन्हें माजरा समझ में आया। ईओयू की टीम पांच साल पहले भी प्राथमिकी के वक्त इस घर पर छापामारी कर चुकी है। तब कई कागजात भी जांच टीम को हाथ लगा था। जानकारी हो कि बांका में डीडीसी रहने के दौरान देवेंद्र प्रसाद ने इस बंगला का निर्माण शुरू कराया था। उनके जाने के बाद इसका निर्माण पूरा हुआ।