कोलकाता अय्याशी करने गए थे भागलपुर के पांच अपराधी, चढ़े पुलिस के हत्थे
15 मई को गोराडीह में चापाकल फैक्ट्री के मालिक जयप्रकाश सिंह के घर डकैती में शामिल पांच अपराधी कोलकाता में हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। 15 मई को गोराडीह में चापाकल फैक्ट्री के मालिक जयप्रकाश सिंह के घर डकैती में शामिल पांच अपराधी कोलकाता में हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले के साउथ पीपी पुलिस ने पांच को गिरफ्तार किया है। इसमें मुंदीचक का कुख्यात रोहित साह, राहुल उर्फ नारियल, जगदीशपुर के रूपौली चांदपुर का आशीष कुमार सिंह, सैनो गांव का उमंग कुमार (वर्तमान में अलीगंज) और अलीगंज महेशपुरा का टुनटुन यादव शामिल है। इसमें से रोहित साह का लंबा आपराधिक इतिहास है। यह जानकारी एसएसपी आशीष भारती ने दी।
रोहित पर बरारी में दो, तिलकामांझी, बाथ, जीरोमाइल और इशाकचक में एक-एक मामला दर्ज है। इसमें हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामले हैं। आशीष और टुनटुन पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पांचों अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार करने के लिए ढूंढ रही थी। लेकिन पांचों डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद अय्याशी करने कोलकाता चले गए थे। वहीं वे लोग हथियार के साथ गिरफ्तार हुए हैं। भागलपुर पांचों को डकैती मामले में रिमांड पर लेगी। इसके लिए अफसर को कोलकाता भेज दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप