धरहरा में सिलेंडर फटने से लगी आग, चार घर जले, दर्जनों घायल
गैस सिलेंडर फटने से चार घर जलकर राख हो गया।
मुंगेर। धरहरा थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में गैस सिलेंडर फटने से चार घर जलकर राख हो गया। इस घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी क्लीनिक में किया गया। अग्नि पीड़ितों के बीच पहुंचे अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने तत्काल सहायता के रूप में तीन-तीन हजार रुपये और पॉलिथीन उपलब्ध कराया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पचरुखी गांव के वार्ड संख्या 12 में शुक्रवार को 5 बजे सुबह में पांचू यादव के पुत्र अभिषेक यादव के घर में उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। गैस के तेज रिसाव में लगी आग के कारण देखते ही देखते मंगल यादव, रोहन यादव, सुदीन यादव का घर धू-धू कर जलने लगा। चारों ग्रामीण के घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण रुपेश यादव, नीरज यादव, सुनील यादव, कब्बू मिश्रा, निरंजन मिश्रा, चांदो मांझी आदि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया। धरहरा थाना अध्यक्ष दुबे देवगुरु भी पुलिस बलों एवं अग्निशामक दस्ता को लेकर पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान चारों अग्नि पीड़ितों के घर रखे अनाज, लाखों रुपये से ज्यादा नगद राशि, गोदरेज, बक्सा, ड्राम सहित जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में लगभग दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।