भागलपुर में बाढ़ पीडि़तों पर कहर बरपा रहा सांप, सुल्तानगंज में एक ही परिवार के दो लोगों को डंसा
भागलपुर में बाढ़ पीडि़तों पर सांप कहर बरपा रहा है। हर दिन किसी न किसी की मौत हो रही है। गुरुवार को सुल्तानगंज में एक ही परिवार के दो लोगों की सांप के डसने से मौत हो गई।
संवाद सूत्र, सुल्तानगंज। प्रखंड क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक पंचायत बाढ़ की चपेट में है। साथ ही शहर के भी कई मोहल्ले में बाढ़ का पानी भर गया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है| कई नए इलाकों में लगातार बाढ़ का पानी प्रवेश कर रहा है| इन लोगों को सबसे अधिक डर सांप से लग रहा है। सांप बाढ़ पीडि़तों के लिए कहर बन रहा है।
बुधवार देर रात बाढ़ के पानी में से निकले सांप ने एक ही परिवार के दो लोगों को डंस लिया। जिससे दोनों की मौत हो गई घटना। प्रखंड क्षेत्र के मीरहटटी पंचायत की है। सांप के डंसने के बाद 4 वर्षीय प्रियंका कुमारी और 60 वर्षीय सुधा देवी को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते पर थानाध्यक्ष लाल बहादुर, अंचलाधिकारी शंभू शरण राय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंचायत परामर्श दात्री समिति के अध्यक्ष मदन कुमार ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि दी गई हैं। वहीं अंचलाधिकारी से आपदा के तहत मुआवजा देने की मांग की गई।
हर दिन हो रही मौत
सांप के काटने से लगभग हर दिन जिले में किसी न किसी की मौत हो रही है। इससे शिविर के अंदर भी लोगों में भय का माहौल देखने को मिल रहा है। लोगों ने बताया कि सारे खेत-खलियान बाढ़ के पानी से भर गया है। ऐसे में सांप ऊंचे स्थान की तलाश में शिविर की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में जमीन पर सोना सुरक्षित नहीं है।
वहीं, सुल्तानगंज में बाढ़ की स्थिति अब भी भयावह बनी हुई है। शहरी क्षेत्र में भी पानी भरा हुआ है। इससे लोग अपने घरों में कैद हैं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त है।