Erosion in river Ganges : पलक झपकते ही गंगा में समा गया भागलपुर का यह विद्यालय, देखें... तस्वीर
पांच वर्ष पहले आठ लाख रुपये से सबौर स्थित इंग्लिश मध्य विद्यालय का निर्माण कराया गया था। गंगा के करीब यह विद्यालय रहने से यहां खतरा बना रहता है। कल तक जहां विद्यालय भवन खड़ा था वहीं आज पलक झपकते ही लोगों ने उसे गंगा में समाते हुए देखा।
भागलपुर, जेएनएन। गंगा कटाव के कारण सबौर का इंगलिश उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंगलवार की सुबह पलक झपकते ही गंगा में समा गया। गंगा का जलस्तर जैसे-जैसे नीचे जा रहा है वैसे-वैसे कटाव की रफ्तार बढ़ती जा रही है। कटाव की तीव्र धारा ने स्कूल की नींव को खोखला कर दिया। इस कारण स्कूल गंगा में समा गया। रात में विद्यालय ज्यों का त्यों था, सुबह में स्कूल भवन नजर नहीं आया। विद्यालय भवन का निर्माण पांच वर्ष पहले आठ लाख से ज्यादा राशि से किया गया था। भवन में चार कमरे, एक किचन, एक बरामदा, शौचालय आदि था। गांव में कटाव जारी है। अब सड़क और घर कटाव के मुहाने पर आ गए हैं। गांव के वजूद पर संकट मंडराने लगा है।
सबौर की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संगीता कुमारी ने कहा कि घटनास्थल पर मैं गई थी। उक्त स्कूल में तीन शिक्षक नियुक्त हैं। फिलहाल विद्यालय को नजदीक के किसी विद्यालय से टैग कर दिया जाएगा। विभाग को सारी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
बता दें कि 2016 में भी रजंदीपुर पंचायत में दो तल्ला नवनिर्मित स्कूल गंगा में समा गया था। लगातार गंगा का कटाव हो रहा है। लेकिन रोकथाम के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। इंजीनियरिंग कॉलेज से शंकरपुर घोघा तक 50 हजार की आबादी कटाव से प्रभावित हो रही है।