भागलपुर में गंगा स्नान करने आई महिला की चेन उड़ाई, नोनीहाट की थी महिला
भागलपुर में गंगा स्नान करने आई एक महिला का उचक्कों ने चेन ले भागा। भागलपुर के बरारी पुलिस चौकी के पुल घाट पर वारदात हुई। नोनीहाट से गंगा स्नान करने आई थी महिला। पुलिस को जानकारी दी गई है। इससे छठ पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।
भागलपुर, जेएनएन। बरारी पुलिस चौकी क्षेत्र के पुल घाट के समीप मंगलवार की सुबह गंगा स्नान करने आई महिला की चेन उचक्के ने उड़ा ली। घटना सबेरे आठ बजे की बताई गई। स्वजन संग नोनी हाट से गंगा स्नान करने पहुंची सरिता देवी गंगा स्नान करने के बाद गाड़ी के समीप पहुंची थी कि उचक्के ने चेन झपट ली। चेन झपटने के बाद बदमाश विक्रमशिला पहुंच पथ की तरफ तेजी से भीड़ में ओझल हो गया। महिला और उसके स्वजनों ने शोर भी मचाया। पर उचक्के को पकडऩे की कोशिश किसी ने नहीं की। सड़क पर गंगा स्नान करने घाट जाने वालों की भीड़ काफी थी जो पैदल रेंग रही थी। उस भीड़ में घुसकर बदमाश तेजी से विक्रमशिला पहुंच पथ पर ओझल हो गया। घटना की जानकारी बरारी में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को महिला ने दी। लेकिन उचक्के का कोई पता नहीं चल सका है।
हर साल श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठा उचक्के उड़ाते हैं चेन
दीपावली के बाद छठ श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा तट पर हजारों की होती है। हर साल बरारी के पुल घाट, सीढ़ी घाट, नील कोठी घाट पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठा उचक्के चेन, पर्स, मोबाइल आदि उड़ाने में लगे रहते हैं। छठ पूजा की पहली और दूसरी अघ्र्य मौके पर पिछली बार एक दर्जन से अधिक महिलाओं की चेन उचक्के उड़ा लिए थे। स्थानीय लोगों में बीते साल छठ पूजा की पहली अघ्र्य मौके पर चेन उड़ाते हबीबपुर थाना क्षेत्र निवासी फरजाना को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। हर साल की तरह इस बार भी गंगा तट और घाट जाने वाले रास्ते पर महिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल और लाठी बल की तैनाती की गई है। लेकिन उचक्के सुरक्षा को धता बता वारदात को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। पुलिस की सक्रियता के बाद भी उचक्के काफी सक्रिय रहते हैं।