शहर में दुर्गोत्सव की धूम
भागलपुर। शहर और आसपास में दुर्गोत्सव की धूम है। कोरोना काल में भले ही पंडालों और म
भागलपुर। शहर और आसपास में दुर्गोत्सव की धूम है। कोरोना काल में भले ही पंडालों और मेला का विस्तार नहीं हो पा रहा हो, लेकिन श्रद्धा का सैलाब मंदिरों में उमड़ रहा है। लाल फूलों के चढ़ावे से सजा मां का दरबार आकर्षण का केंद्र है। बुधवार को नवरात्र के पांचवें दिन स्कंदमाता देवी की पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने मां के दरबार में अपनी फरियाद लगाई।
कोरोना गाइडलाइन का दिख रहा असर
सबौर के छोटी हाट दुर्गा मंदिर, बड़ी हाट दुर्गा मंदिर आदि मंदिरों में कोरोना गाइडलाइन का असर दिख रहा है। श्रद्धालु आते हैं, लेकिन मां को प्रणाम कर चले जाते हैं। मंदिर के पास भीड़- भाड़ नहीं रहता है। हालांकि शाम में महिलाओं की भीड़ संध्या आरती में हो जाती है। कुछ ऐसे भी भक्त इस बार देखने को मिल रहे हैं जो सुबह विस्तर से उठ मां दुर्गा के दर्शन करने आते हैं। उसके बाद ही वह नित्य क्रिया में लगते हैं।
हल्की फुहार से मौसम करेगा दुर्गा मां का स्वागत
दुर्गा पूजा के अष्टमी, नवमी और दशमी को तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो आसमान में बादल रहने के कारण तापमान में गिरावट होगा और पूजा में मौसम खुशनुमा रहेगा। बारिश होने से हल्की ठंड लगेगी।
विसर्जन को लेकर अभी भी असमंजस
विसर्जन को लेकर शहर में अभी तक उहापोह की स्थिति बनी हुई है। दुर्गा पूजा महासमिति सभी समितियों के तरफ से बार-बार प्रशासन से मिलकर 26 अक्टूबर को विसर्जन करने का गुहार लगा चुकी है। महासमिति के संयोजक विनय कुमार सिन्हा ने कहा कि समिति द्वारा जिला प्रशासन को लिखित भी दिया गया है। नवमी को कभी भी विसर्जन नहीं किया गया है।
उधर, डीएम प्रणव कुमार ने स्पष्ट कहा है कि अभी तक विसर्जन की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुख्यालय से निर्देश मिलने पर ही बदलाव किया जाएगा।
मंदिर के नजदीक ही होगा विसर्जन
प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो प्रशासन विसर्जन के जगह को चिन्हित कर रहा है। जिसमें इसका ध्यान रखा जा रहा है कि मंदिर के नजदीक ही तत्कालिक व्यवस्था कर वहां प्रतिमा विसर्जन कराया जाएगा। प्रतिमा को कम से कम दूरी पर ले जाया जाय इसका ध्यान रखा जाएगा। एक साथ कई प्रतिमा साथ में विसर्जन के लिए नहीं निकाला जाएगा। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभी विसर्जन के जगहों का निर्धारण फाइनल नहीं किया गया है।