दहेज उत्पीड़न : विवाहिता की हत्या कर शव को जलाया, पति समेत ससुराल वाले फरार, प्राथमिकी दर्ज
Dowry harassment लखीसराय में दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर दी गई। 2015 में उसकी शादी हुई थी। हत्या कर शव को जला दिया गया है।
लखीसराय, जेएनएएन। Dowry harassment : जिले में एक बार फिर मानवता शर्मसार करने वाली कहानी हुई। दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर देने सूचना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। वह भी जब जब महिला दो बच्चे की मां बन चुकी थी। यहां तक कि महिला की हत्या कर शव को जला दिया। इस घटना के बाद बिना मायके पक्ष के लोगों काे सूचना दिए ससुराल से सभी लोग फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के बड़हिया थाना अंतर्गत नगर क्षेत्र के दानी टोला में भगवान सिंह के पुत्र सोनू कुमार ने अपने स्वजन के साथ मिलकर दहेज को लेकर अपनी 28 वर्षीय पत्नी रुचि कुमारी की हत्या कर दी गई। हत्या कर शव को जला दिया गया है। घटना सोमवार की है।
इस संबंध में मृतका के पिता नवादा जिलाअंतर्गत वारसलीगंज थाना के मई गांव निवासी अशोक सिंह ने बड़हिया थाना में अपने दामाद सोनू कुमार एवं उसके स्वजनों को नामजद करते हुए केस किया है। दर्ज केस में कहा गया है कि मेरी पुत्री रुचि कुमारी की शादी 2015 में सोनू कुमार के साथ हुई थी। उसे दो बच्ची भी है। शादी के बाद से ही सोनू कुमार एवं उसके स्वजन दहेज की मांग करते हुए रुचि कुमारी को प्रताड़ित एवं मारपीट करते रहते थे। सोमवार को हमे सूचना मिली कि आपकी बेटी की हत्या कर दी गई है।
हम अपने स्वजन के साथ बड़हिया पहुंचे तो देखा मेरी पुत्री के ससुराल के घर में ताला लगा हुआ है तथा सभी स्वजन फरार हैं। ऐसा स्पष्ट होता है कि मेरी पुत्री रुचि कुमारी की हत्या मेरे दामाद सोनू कुमार ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर कर दी तथा साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जला दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष डीके पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।