नवगछिया के सीओ और नाजिर पर कार्रवाई, डीएम की जांच में पकड़ी गई गड़बड़ी, वेतन पर रोक
भागलपुर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने नवगछिया सीओ और नाजिर पर कार्रवाई की है। जांच के दौरान गड़बड़ी पकड़े जाने पर यह कार्रवाई की गई है। दोनों के वेतन को रोक दिया गया है। साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अंचल कार्यालय, नवगछिया में डाटा केंद्र सह आधुनिक अभिलेखागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डाटा इंट्री आपरेटर अनुपस्थित पाए गए। डाटा इंट्री आपरेटर के अनुपस्थित पाए जाने पर अंचलाधिकारी को 22 जनवरी का मानदेय स्थगित रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अंचल अभिलेख भवन व्यवस्थित पाया गया। इस दौरान अंचल कार्यालय के रोकड़ पंजी का अवलोकन किया गया।
कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद रोकड़ पंजी अद्यतन नहीं पाया गया। इसके लिए अंचलाधिकारी एवं नाजिर को स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया। फिर जिलाधिकारी प्रखंड कार्यालय के रोकड़ पंजी का अवलोकन किया। रोकड पंजी अद्यतन नहीं पाया गया। इसके लिए प्रधान लिपिक एवं प्रखंड नाजिर को स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रखंड नाजिर का जनवरी का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया।
सबौर अंचल अधिकारी का वेतन रूका
जिलाधिकारी ने सबौर अंचल के निरीक्षण के क्रम में सभी सामग्रियां व्यवस्थित रूप में नहीं पाई गई, जिसे अविलंब व्यवस्थित करने का निर्देश अचलाधिकारी को दिया गया। दाखिल-खारिज के वादों की समीक्षा के क्रम में 60 दिनों से अधिक 256 वाद लंबित पाए गए। इस संबंध में अचलधिकारी ने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इस मामले में अंचलाधिकारी, एवं सभी राजस्व कर्मचारी से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। साथ ही दाखिल-खारिज के सभी लंबित 256 मामलों के निष्पादन एवं स्पष्टीकरण स्वीकृत होने तक अंचलाधिकारी का जनवरी का वेतन स्थगित रखने का आदेश दिया गया।
साथ ही 256 लंबित मामलों में अंचलाधिकारी सहित दोषी कर्मियों पर नियमानुसार दंड तय करने का निर्देश अपर समाहर्ता को दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी प्रखंड कार्यालय, सबौर का निरीक्षण किया। प्रखंड कार्यालय में रोकड़ पंजी की मांग की गई, जो अद्यतन नहीं पाया गया। इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रधान लिपिक एवं प्रखंड नाजिर से स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
नवगछिया में बनेगा परिसदन
नवगछिया अनुमंडलीय परिसर स्थित बन रहे मल्टीस्टोरेज नए अनुमंडलीय भवन का निरीक्षण जिलाधिकारी ने किया। भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के आवास एवं कार्यालय के लिए उपलब्ध कराए गए 1.5 एकड जमीन का निरीक्षण किया गया। नवगछिया अनुमंडल में बनने वाले परिसदन के लिए एक एकड़ भूमि चिन्हित करने का निर्देश अपर समाहर्ता एव भूमि सुधार उप समाहर्ता, नवगछिया को दिया गया। अनुमंडलीय कार्यालय भवन के समीप प्रशासनिक पदाधिकारियों के लिए निर्मित भवन का निरीक्षण किया गया।