सृजन घोटाला : कल्याण विभाग कर्मियों पर आरोप पत्र गठित Bhagalpur News
किसके कार्यकाल में कितनी राशि की अवैध निकासी हुई इसकी भी जानकारी विभाग को भेजी गई थी। जिला कल्याण के एक नाजिर और एक प्रधान सहायक की मौत हो चुकी है।
भागलपुर [जेएनएन]। जिला कल्याण विभाग के तीन कर्मियों पर आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के निदेशक को भेज दिया गया है। निदेशक ने सृजन घोटाला के आरोपितों पर विभागीय कार्रवाई के लिए आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया था।
जिन कर्मचारियों के विरुद्ध आरोप पत्र गठित करने कहा गया था, उनमें पूर्व नाजिर महेश मंडल (दिवंगत), रामप्रवेश पासवान, कमल किशोर सिन्हा, एसएम रिजवान हसन और विजय पोद्दार थे। इन कर्मियों के कार्यकाल में कल्याण कार्यालय की राशि की अवैध निकासी हुई थी।
पूर्व में जिला कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने कर्मचारियों की सूची विभाग को भेजी थी। किसके कार्यकाल में कितनी राशि की अवैध निकासी हुई, इसकी भी जानकारी विभाग को भेजी गई थी। जिला कल्याण के एक नाजिर और एक प्रधान सहायक की मौत हो चुकी है।
दो का स्थानांतरण दूसरे जिला में हो गया है। संबंधित जिले से कागजात की मांग करने के बाद आरोप पत्र गठित कर विभाग को भेज दिया गया है। कल्याण कार्यालय की 221 करोड़ रुपये से अधिक राशि की अवैध निकासी हुई थी। सभी राशि सृजन के खाते में ट्रांसफर कर दी गई थी।