पिता की मौत की खबर सुनते ही दो बेटियों ने खुद को लगाई आग
पिता की मौत से आहत दो बेटियों ने अपने उपर किरोसिन तेल डालकर खुद को आग लगा लिया। दोनों अस्सी प्रतिशत तक जल चुकी हैं। ड़ॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताई है।
भागलपुर [जेएनएन]। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोयला घाट में दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है। सुरेश प्रसाद यादव (60) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही उसकी दो बेटियां शोभा और पिंकी सदमे में आ गई। दोनों ने पिता की मौत के वियोग में घर के प्रथम तल पर रसोई घर में अपने ऊपर किरोसिन छिड़क लिया और आग लगा ली।
दोनों को घर वालों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों ने दोनों के 80 फीसद तक जले जाने की बात बताई है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंच जांच कर रही है।
शोभा के भाई दिनेश यादव ने बताया कि पूर्व से उसके पिता का इलाज डॉ. अमरेंद्र चौधरी के यहां चल रहा था। एसएम कॉलेज रोड में उसकी मिठाई की दुकान है। पिता दुकान पर ही बैठते थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे दुकान पर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। उन्हें अमरेंद्र चौधरी को दिखाया। किंतु उन्होंने मायागंज रेफर कर दिया।
मायागंज के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत हार्ट अटैक से हो गई थी। वह शव लेकर घर आया। वे लोग प्रथम तल पर पर रहते हैं। दोनों बहनें सुंदरवती महिला महाविद्यालय में पढ़ती हैं। दोनों पिता के काफी करीब थीं। शाम में डॉक्टर के पास पिता को पहले बहन ही ले गई थी।
घर पर शव आने के बाद छत पर शोभा के चिल्लाने की आवाज आई। जब वे लोग ऊपर गए तो दोनों बहनों के शरीर में आग लगी हुई थी। किसी तरह आग बुझाई गई और दोनों को मायागंज में भर्ती कराया गया।