CRPF ने हार्डकोर नक्सली को किया गिरफ्तार, दोहरे हत्याकांड का था आरोपित
जमुई में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब CRPF ने एक नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। नक्सली पर हत्या के कई आरोप हैं। मामला लखीसराय से जुड़ा हुआ हैं। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
लखीसराय, जेएनएन। लखीसराय जिले के भलूई पंचायत के मुखिया सह जदयू नेता गणेश रजक के चालक सहित दो लोगों की हत्या मामले का आरोपित संदिग्ध नक्सली मनोज यादव को सीआरपीएफ ने जमुई से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद चानन थाना पुलिस ने उसे अपने कब्जे में कर लिया। पूछताछ के बाद उसे बुधवार को लखीसराय जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार मनोज यादव चानन थाना क्षेत्र के निमियां टांड निवासी शोधन यादव का पुत्र है। यह नक्सलियों से सांठगांठ रखते हुए उसके लिए काम करता था। नक्सलियों ने मननपुर बस्ती स्थित एक ढावे पर गत वर्ष अगस्त माह को ताबड़तोड़ गोलीबारी करके निमियां टांड निवासी मदन यादव एवं मुखिया गणेश रजक के चालक नया टोला भलूई निवासी राजेश कुमार उर्फ छोटू की हत्या कर दी थी। उक्त मामले में मनोज यादव को भी पुलिस ने आरोपित किया था। घटना के बाद से वह अपने गांव से भागकर इधर-उधर रह रहा था।
चानन के थानाध्यक्ष वैभव कुमार ने बताया कि मनोज यादव को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में वह कई अहम जानकारी दी है। उसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए रणनीति बना रही है। मदन यादव एवं राजेश उर्फ छोटू हत्याकांड में अब तक पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। सभी छह आरोपित नक्सलियों से साठं-गांठ करके क्षेत्र में आपराधिक गतिविधि में संलिप्त रहता था।
नक्सली मनोज यादव पर हत्या, लूटपाट सहित कई मामले कई जिलों में दर्ज हैं। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मनोज यादव ने कई सुराग दिए हैं। उसके दिए सुराग पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को मनोज के पास से हथियार व नक्सली पर्चे व पत्रक भी मिले।
मुख्य बातें
दोहरे हत्याकांड का आरोपित संदिग्ध नक्सली गिरफ्तार
सीआरपीएफ ने जमुई शहर से गिरफ्तार करके किया चानन पुलिस के हवाले
भलूई पंचायत के मुखिया के चालक सहित दो लोगों की हत्या मामले में थी तलाश