हबीबपुर में चावल व्यवसायी के घर अपराधियों ने की लूटपाट, पुलिस की वर्दी में थे सभी अपराधी
भागलपुर में आपराधिक घटनाएं अचानक बढ़ गई है। अपराधियों ने अपना ट्रेंड भी बदला है। पुलिस की वर्दी में अपराधियों ने डाका डाला।
भागलपुर, जेएनएन। हबीबपुर इलाके के आनंद नगर कॉलोनी निवासी निरंजन साह उर्फ नीरज के घर शनिवार की रात अपराधियों ने पुलिस की वर्दी में लूट की घटना को अंजाम दिया है। वे चावल का व्यवसाय करते हैं। अपराधियों ने गन प्वाइंट निरंजन की पत्नी नम्रता देवी को लेकर घर से करीब तीन लाख 20 हजार रुपये लूट लिया। दो बाइक से तीन अपराधी पहुंचे थे। एक ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। जिस समय घटना को अंजाम दिया गया, निरंजन नवगछिया के परबत्ता स्थित हाट गए हुए थे। घटना की जानकारी होने पर देर रात सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज और सिटी डीएसपी राजवंश सिंह जांच के लिए पहुंचे था।
कुर्की-जब्ती का वारंट के बहाने घुसी थी घर
निरंजन के मुताबिक वे लोग मूलरूप से जगदीशपुर के गोनूधाम के रहने वाले हैं। हबीबपुर में दो साल पूर्व ही घर बनाया है। पत्नी के बयान पर हबीबपुर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शाम में वो पड़ोस की महिलाओं के साथ घर में बैठकर बात कर रही थी। तभी तीन लोगों ने दरवाजा खटखटाया। खोलने पर वर्दी पहने व्यक्ति ने कहा कि पति कहां हैं, उनके नाम का कुर्की-जब्ती का वारंट है। यह सुन नम्रता डर गई, पड़ोस की महिलाएं भी निकलकर अपने घर चली गई। घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ था। लेकिन हार्ड डिस्क नहीं रहने के कारण गतिविधि रिकार्ड नहीं हुई।
लूटा नकदी व जेवर
नम्रता के मुताबिक उन लोगों ने पति को फोन लगाने को कहा। लुटेरों ने पति से घर आने को भी कहा। इसी बीच एक अपराधी घर के अंदर गोदरेज वाले कमरे में पहुंच गया। वहां टेबल पर चाभी रखा हुआ था। उसने गोदरेज खोल, करीब तीन लाख 20 हजार नकद, सोने का चेन, एक लॉकेट, एक टीका, एक जोड़ा पायल लूट लिया। इसके बाद वहीं रखे गुलाबी थैले में सामान रखकर भाग निकले। घर में उस समय नम्रता के अलावा उनके दो छोटे बच्चे ही थे। डर से वे कुछ नहीं कह सकी। इस कारण अपराध आसानी से लूटपाट कर घर से फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। तब लोगों की भीड़ जमा हुई। वहां आसपास काफी सुनसान इलाका है, आने वाला वाला रास्ता भी कच्ची है।
कई बिंदुओं पर चल रही जांच
सिटी एसपी ने नम्रता से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि एक बदमाश की बाइक काली रंग की थी। कुछ लोगों ने कहा बुलेट था। रविवार को भी हबीबपुर थानेदार शंभू पासवान पीडि़ता के घर पहुंचे थे। उन्होंने आसपास के लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। आशंका है कि किसी करीबी की भी इसमें संलिप्तता हो सकती है। पुलिस के मुताबिक रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया गया है। अपराधियों को पता था कि व्यवसायी घर में नहीं है।
घटना में केस दर्ज कर लिया गया है। लूट की घटनाओं के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। हाल ही में हुई घटनाओं में अपराधियों की पहचान की गई है। उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी। - आशीष भारती, एसएसपी भागलपुर