Move to Jagran APP

कुख्यात पलटा सिंह की गोली मारकर हत्या, दुर्दांत अपराधी ततुली सिंह गिरोह का सदस्य था

कुख्यात ततुली की पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गिरोह की कमान निरंजन सिंह ने संभाली थी। जिसके बाद हरियो में अपराधियों के बीच वर्चस्व को लेकर गैंगवार शुरू हो गया था।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Mon, 13 May 2019 03:35 PM (IST)Updated: Mon, 13 May 2019 04:37 PM (IST)
कुख्यात पलटा सिंह की गोली मारकर हत्या, दुर्दांत अपराधी ततुली सिंह गिरोह का सदस्य था
कुख्यात पलटा सिंह की गोली मारकर हत्या, दुर्दांत अपराधी ततुली सिंह गिरोह का सदस्य था

भागलपुर [जेएनएन]। बिहपुर प्रखंड के हरियो गांव में गैंगवार में कुख्यात पलटा सिंह (55 व़र्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह 90 के दशक के दुर्दांत अपराधी ततुली सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य था। घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर नर्मदेश्वर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, झंडापुर ओपी प्रभारी पंकज कुमार व दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन पुलिस के पहुंचने के पूर्व ही परिजन शव को वार्ड नंबर 10 स्थित धर्मेंद्र सिंह के अर्धनिर्मित मकान के पास उठाकर वार्ड नंबर नौ स्थित मृतक के घर पास लेकर चले गए। इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

loksabha election banner

उधर, मृतक पलटा के परिजनों के साथ पुलिस पदाधिकारी उस जगह गए जहां पर से परिजन शव को उठाकर ले गए थे। मृतक के पुत्र चंदन ने पुलिस को बताया कि शनिवार को शाम में ही खाना खाकर उसके पिता यहां सोने के लिए आ गया था। देर रात वह वहां पहुंचा तो उसके पिता के साथ चार लोग बहस कर रहे थे। पुत्र ने आवाज देकर पूछा तो उसे खदेड़कर पकडऩे की कोशिश की गई। लेकिन वह भाग गया। सुबह जब वहां पहुंचा तो धर्मेंद्र सिंह के अर्धनिर्मित मकान की सीढ़ी के नीचे उसके पिता का शव मच्छरदानी में लिपटा हुआ पड़ा हुआ था।

पुलिस ने गोली चलने की आवाज सुनने के बारे में पूछा तो मृतक के भाई सिकंदर सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे दो आवाज सुनाई दी थी लेकिन पड़ोस में ही शादी होने की वजह से हमलोगों ने उस आवाज पर अधिक ध्यान नहीं दिया। पुलिस को वहां पर मच्छरदानी में हल्का व मकान के पास एक ईंट पर खून की कुछ बूंदें मिली हैं। जबकि मृतक पलटा मजबूत कद काठी का व्यक्ति था। उसके पेट में दायीं ओर गोली मारी गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। मृतक की पत्नी मध्य विद्यालय महेशपुर में स्कूली बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाने का काम करती है। पुलिस इस हत्याकांड में सामने आ रहे सारे बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है। पलटा सिंह के पुत्र चंदन कुमार के बयान पर पुलिस ने हरियो के ही गौतम कुमार सिंह, प्रीतम कुमार सिंह, संजीव सिंह, सुबोध सिंह और विक्की कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

हरियो में अपराधियों के बीच वर्चस्व को लेकर गिरती रही हैं लाशें

कुख्यात ततुली की पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गिरोह की कमान पूर्व जिप सदस्य निरंजन सिंह ने संभाली थी। जिसके बाद हरियो में अपराधियों के बीच वर्चस्व को लेकर गैंगवार शुरू हो गया था। जिसमें पूर्व जिप सदस्य निरंजन, कुख्यात गिरीश सिंह, मनोज सिंह, विवेका सिंह, पूर्व मुखिया सुरेन्द्र सिंह, हरियो की वर्तमान उपमुखिया मुन्नी देवी के पति अपराधी पवन पासवान व देवो सिंह आदि की हत्या कर दी गई थी। इन सबकी हत्या के बाद उक्त गिरोह की कमान फिलहाल पलटा ही संभाले हुए था। पलटा पूर्व जिप सदस्य निरंजन सिंह हत्याकांड में भी अप्राथमिकी व हरियो के पूर्व मुखिया सुरेन्द्र सिंह की खगडिय़ा जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के लचका पुल के पास हुए हत्याकांड समेत हत्या, लूट, रंगदारी व आम्र्स के दर्जनों मामलों में आरोपित था। पुलिस पलटा की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर कर रही थी।

हरियो में अब किसकी बारी?

पलटा सिंह की हत्या के बाद हरियो समेत इलाके में चर्चा होने लगी है कि हरियो में अब किसकी बारी? हालांकि रविवार की सुबह इस हत्याकांड के बाद भी हरियो का आम जनजीवन पूरी तरह से सामान्य दिखा। ऐसा इसलिए भी कि हरियो में गोली चलने व हत्या होने की घटनाएं इतनी होती रहती हैं कि अब ऐसी घटनाएं यहां के लोगों को सामान्य घटना जैसी ही लगती है। घटना के बारे में गांव के लोग रविवार को भी पुरानी घटनाओं की तरह ही कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे थे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.