सुल्तानगंज में युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया
करहरिया पंचायत स्थित गहिरा नदी एवं बहड़हा गांव के समीप बुधवार को 28 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को जामुन के पेड़ से लटका दिया गया। मृतक की पहचान देशावर गांव निवासी गिरजू प्रसाद मंडल व कर्मा देवी के छोटे पुत्र मनीष कुमार मंडल के रूप में हुई है।
भागलपुर । करहरिया पंचायत स्थित गहिरा नदी एवं बहड़हा गांव के समीप बुधवार को 28 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को जामुन के पेड़ से लटका दिया गया। मृतक की पहचान देशावर गांव निवासी गिरजू प्रसाद मंडल व कर्मा देवी के छोटे पुत्र मनीष कुमार मंडल के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर तीन लोगों को नामजद करते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया।
क्या कहा मृतक के पिता ने
मृतक के पिता ने बाथ पुलिस को बताया कि पुत्र मनीष अपनी पत्नी वंदना कुमारी के साथ उदयपुर राजस्थान में रहता था। दोनों 01 अप्रैल 2021 को अपने घर देशावर गांव आ गए। पति-पत्नी में हमेशा विवाद चलते रहता था। मेरे बेटे की साली व गनगनियां निवासी राजकुमार की छोटी पुत्री चंदा से पुत्र का प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसका उसकी पत्नी वंदना हमेशा विरोध करती थी।
चार मई को भी वंदना ने मनीष के साथ मारपीट की। 10 बजे रात को वंदना अपने बहन-बहनोई को बुलाकर लाई और उच्च विद्यालय करहरिया मैदान में बातचीत की। 11 बजे रात को वह घर लौट आई। मैंने रात में अपने पुत्र की काफी खोजबीन की पर नहीं मिला। सुबह उठा तो जानकारी मिली कि मेरे पुत्र को मारकर जामुन पेड़ में टांग दिया गया है।
क्या कहा मृतक की पत्नी ने
मृतक की पत्नी वंदना ने बताया कि हम सात बहन और एक भाई हैं। बड़ी दीदी आरती के देवर मनीष कुमार से मार्च 2016 में मेरी शादी हुई। तीन साल पहले पति मनीष के साथ मैं और मेरी छोटी बहन चंदा राजस्थान चले गए। वहां दोनों पति-पत्नी धागा मिल में काम करते थे। आठ महीना पहले मुझे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। राजस्थान से तीन साल बाद एक महीना पहले हमलोग अपने घर देशावर आए। मंगलवार को पति मुझे असरगंज बाजार लेकर गए और डाक्टर की क्लीनिक दिखाकर वापस घर लेकर आ गए। 12 बजे मेरे पति ने मुझसे कहा कि मुझे एक लड़की से प्रेम हो गया है। मैं उससे शादी करूंगा। तुम दोनों को साथ रखूंगा। लड़की के बारे में उन्होंने नाम तो नहीं बताया, पर इतना कहा कि राजस्थान में हमदोनों के साथ ही रहती थी। यह बात किसी को अभी नहीं बताना। यह सुन हमदोनों में विवाद होने लगा। जिसके बाद पति घर से निकल गए। शाम चार बजे घर आए। उसी वक्त पति के मोबाइल पर किसी का फोन आया। वे तत्काल खाना छोड़कर घर से निकल गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर रात भर पति के फोन पर कॉल लगाती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। सुबह पति के मौत की जानकारी मिली। पति के पर्स में मात्र 100 रुपये और एटीएम कार्ड मिला। 9900 रुपये और मोबाइल गायब था।