थाने में सिंचाई विभाग के कर्मी की मौत के विरोध में भाकपा-माले व राजद ने किया विरोध प्रदर्शन
भागलपुर के बरारी थाने में सिंचाई विभाग के कर्मी संजय कुमार की मौत हो गई थी। इसके विरोध में भाकपा माले ने प्रतिरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। साथ ही राज्य सरकार और जिला प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सिंचाई विभाग के कर्मी संजय कुमार की भागलपुर के बरारी थाने में मौत हो गई। वह निर्दोष था। इसके विरोध में घंटा घर चौक पर भाकपा-माले और राजद ने संयुक्त रूप से प्रतिवाद मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कई सवाल पूछे। जैसे - पुलिस थाना में सरकारी कर्मी की हत्या क्यों? नीतीश कुमार जवाब दो। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम 2021 रद करो। संजय कुमार के हत्यारे को गिरफ्तार करो। महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। प्रतिवाद प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा-माले के राज्य कमेटी सदस्य एस के शर्मा, जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, नगर प्रभारी सह ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त और राजद के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने किया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 29 मार्च को होली के दिन सिटी एसपी और बरारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में बरारी थाना क्षेत्र में किया गया पुलिसिया तांडव इसी का परिणाम है। सिंचाई विभाग में कार्यरत संजय कुमार को उसके घर से उठाकर पुलिस ने बेरहमी से इतना पीटा कि थाने में ही उसकी मौत हो गई। भाकपा-माले और राजद इस घटना की तीखी निंदा करता है और इस जघन्य हत्या के जिम्मेदार भागलपुर सिटी एएसपी और बरारी थाना प्रभारी को बर्खास्त कर दोनों दोनों के गिरफ्तार करने और साथ ही दोनों पर दोनों पर धारा 302 के तहत मुकदमा चलाने की मांग करता है। भाकपा-माले और राजद यह भी मांग करता है कि सरकारी कर्मी संजय कुमार के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और उसके आश्रित को सरकारी नौकरी। भाकपा-माले और राजद के नेतृत्वकारियों ने आगे कहा कि विधान सभा में बर्बर पुलिस दमन का शिकार हुए विपक्ष के विधायकों द्वारा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम के संदर्भ जाहिर की गयी बर्बर पुलिस राज की आशंका को इस पुलिसिया तांडव ने सच कर दिया। अगर जल्द ही उपरोक्त मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 3 अप्रैल को इसके खिलाफ महागठबंधन की ओर से जिला पदाधिकारी के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिवाद प्रदर्शन में उपरोक्त नेतृत्वकारी सहित भाकपा-माले के अर्जुन प्रसाद यादव, अमर कुमार, अमित गुप्ता, सिकंदर तांती, मनोज कृष्ण सहाय, प्रवीण कुमार पंकज, सुभाष कुमार, प्रवीण कुमार, रामशरण यादव, राजद के मंजीत ठाकुर, गुड्डू यादव, विजय यादव, बजरंगी, योगेश यादव आदि शामिल हुए।