भाकपा माओवादी का सक्रिय सदस्य हार्डकोर नक्सली चानन से गिरफ्तार Lakhisarai News
हार्डकोर नक्सली जय पासवान के चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर गांव में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
लखीसराय, जेएनएन। लखीसराय पुलिस ने देर शाम शाम चानन थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में छापामारी कर गेन्हारी पासवान के पुत्र अरुण पासवान के घर से जमुई जिले के हार्डकोर नक्सली जय पासवान उर्फ अशोक पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। अशोक पासवान जमुई जिला के गिद्धौर थाना क्षेत्र के तड़ी पहाड़पुर निवासी केशो पासवान का बेटा है। यह संग्रामपुर (मुंगेर) क्षेत्र के नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के पूर्व में एरिया कमांडर रह चुका है। जय पासवान की मुंगेर एवं लखीसराय जिले के सात नक्सली वारदात में तलाश थी। गिरफ्तार नक्सली ने बांका, मुंगेर, जमुई एवं लखीसराय जिले के 12 नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को हार्डकोर नक्सली जय पासवान के चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर गांव में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने वहां जाकर अरूण पासवान के घर से उसको गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। छापामारी दल में सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कबैया थानाध्यक्ष राजीव कुमार, पीरीबाजार थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, तकनीकी शाखा के सहायक अवर निरीक्षक शशिभूषण, सिपाही विभूति कुमार, जमुई के 207 कोबरा बटालियन एवं सीआरपीएफ के पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
गिरफ्तार जय पासवान ने अपने को नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) का सक्रिय सदस्य बताते हुए कहा कि संगठन के शीर्ष नेताओं के निर्देश पर वह लेबी वसूली करने के साथ-साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को जोडऩे का कार्य कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह अपने संबंधी के यहां छिपकर रह रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सली जय पासवान पीरीबाजार थाना कांड संख्या 115/19 एवं 83/19, लड़ैयाटांड (मुंगेर) थाना कांड संख्या 36/19, हवेली खडग़पुर (मुंगेर) थाना कांड संख्या 04/05, 33/10 एवं 170/18 एवं संग्रामपुर (मुंगेर) थाना कांड संख्या 76/09 में तलाश थी।