Coronavirus : बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, स्वास्थ्यकर्मी और मीडियाकर्मी भी पॉजिटिव
Coronavirus जिले में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या से लोग दहशत में आ गए हैं। 500 से ज्यादा आंकडा पार कर गया है। स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना की चपेट में आ गए।
भागलपुर, जेएनएन। जिले में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अब स्वास्थ्यकर्मी भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। जिससे और भी परेशानी बढ़ गई है। पांच सौ से ज्यादा लोग यहां संक्रमित हो गए हैं। हालांकि 350 के आसपास लोग अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। शेष का इलाज चल रहा है। प्रतिदिन काफी संख्या में लोगों की जांच हो रही है। पहले तो प्रवासियों के आने से कोरोना का खतरा बढ़ा। अब तो इतना फैल चुका है कि लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाते हैं। इसके बावजूद लोग मास्क नहीं लगाते। वहीं शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। जिले भर में अक्सर जाम लगा रहता है। लोग भीड़ होकर गुजरते हैं। बैंक, डाकघर आदि में भी काफी भीड़ रहती है।
साथ ही भागलपुर के शहरी क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में आठ नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें भागलपुर शहरी क्षेत्र निवासी एक मीडियाकर्मी और नर्स भी शामिल हैं। इसके अलावा नाथनगर के दो, सबौर में एक और खरीक में तीन शामिल हैं। खरीक में मां और दो बेटों की जांच भी पॉजिटिव निकली।
नर्स को मायागंज अस्पताल से सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त किया गया था। वह बरारी की रहने वाली है। मायागंज अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से चार दिन पूर्व एक विभाग के तीन कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें दो नर्स भी हैं। सबौर का एक सरकारी कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। सभी को कोविड सेंटर में भर्ती किया गया है।
सदर अस्पताल में शुरू हुई सैपलिंग
तीन दिनों से बंद सदर अस्पताल में फिर से संदिग्ध कोरोना मरीजों का सैंपल लिया जाने लगा है। बुधवार को 120 लोगों का सैंपल लिया गया।
16 लोगों को मिली छुट्टी
शिक्षक महाविद्यालय अस्पताल के कोविड सेंटर से 16 लोगों को स्वस्थ होने पर उन्हें छुट्टी दी गई। इनमें पीरपैंती के नौ, नवगछिया के दो, खरीक के चार और खरीक का एक व्यक्ति शामिल है।