Coronavirus : संक्रमितों की बढ़ती संख्या के कारण DM हुए सख्त, कल से लॉकडाउन, और भी दिए कई निर्देश
Coronavirus सिविल सर्जन ने कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर दी लॉकडाउन की सलाह दी। डीएम ने किया सख्ती भागलपुर नवगछिया व कहलगांव के शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन।
भागलपुर, जेएनएन। अनलॉक-2 के बाद शहरी क्षेत्र में कोरोना की रोकथाम के लिए जारी किए गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ी। परिणाम स्वरूप राजधानी के बाद कोरोना पॉजिटिव के मामले में भागलपुर दूसरे नंबर पर आ गया। इतनी बड़ी संख्या को देख स्वास्थ्य महकमा ने भी हाथ खड़े कर दिए। स्वास्थ्य महकमे के मुखिया सिविल सर्जन ने शीर्ष आला अधिकारियों की बैठक में यह प्रस्ताव किया कि पूरे जिले को यदि चार दिनों तक लॉकडाउन नहीं किया जाएगा कोरोना मरीजों की संख्या को नियंत्रित कर पाना स्वास्थ्य विभाग के लिए टेढ़ी खीर होगी।
फिलहाल जिले आंकड़ों पर यदि गौर किया जाए तो राजधानी में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1085 है। वहीं भागलपुर में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 650 हो गई है। जबकि 420 लोग ठीक भी हुए है। मंगलवार को 37 लोग पॉजिटिव पाए गए। जिसमेें एक नर्स भी शामिल है। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती देख जिला प्रशासन ने सिविल सर्जन के प्रस्ताव को मानकर गुरुवार से रविवार तक भागलपुर, नवगछिया व कहलगांव के शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। डीएम ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। सभी को ताकीद किया कि इसका पालन अपने-अपने प्रखंडों में सख्ती से करें।
हालांकि, लॉकडाउन के दौरान दूध, दवा, सब्जी, किराना के अलावा अन्य आवश्यक सेवा पूर्ववत रहेगी। डीएम ने सिविल सर्जन को संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर उनका सैंपलिंग कराने का निर्देश दिया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शहरी क्षेत्रों के तीन किलोमीटर के दायरे में चार दिनों तक लॉकडाउन रहेगा। इस अवधि के दौरान गैर सरकारी चार पहिया और दो पहिया वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
बिना मास्क वालों पर होगी कार्रवाई
डीएम प्रणव कुमार ने कोरोना वायरस के खतरे को रोकने के लिए बिना मास्क के प्रतिष्ठान, दुकान और वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कई दुकानों व प्रतिष्ठानों में बिना मास्क के कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है, उसे बंद करा दें। उन्होंने तीनों अनुमंडल पदाधिकारी को टीम बनाकर सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया है। डीएम ने कहा कि बिना मास्क वाले लोगों का भी चलान काटें ताकि लॉकडाउन का सभी पालन करें। शारीरिक दूरी का पालन कराएं। जिलाधिकारी ने बाद में नागरिकों से अपील की। बहुत आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, पुलिस अधीक्षक नवगछिया, सिविल सर्जन, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, तीनों अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक मौजूद थे।