Coronavirus : भागलपुर की प्रमंडलीय आयुक्त कोरोना पॉजिटिव, डीएम पहले से ही हैं संक्रमित
Coronavirus भागलपुर की प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किनी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इससे पहले जिला प्रशासन के कई अधिकारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
भागलपुर, जेएनएन। भागलपुर जिला प्रशासन के कई बड़े अधिकारी कोरोन वायरस से संक्रमित हो गए हैं। जिलाधिकारी प्रणव कुमार का इलाज पटना में चल रहा है। साथ ही अन्य अधिकारी और कर्मचारी का इलाज विभिन्न जगहों पर किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी भी संक्रमित हैं। जिला प्रशासन के कर्मचारियों का भी संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। वहीं, प्रखंड स्तर के भी ज्यादातर अधिकारी और कर्मचारी पॉजिटिव हो गए हैं। साथ ही कोरोना वायरस का प्रभाव जेलों में भी देखा गया है। जिले में अब तक 14 सौ से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। यहां 16 लोगों की जानें भी चली गई। कई जिला पार्षद भी इससे संक्रमित हैं। भागलपुर ब्लॉक में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। स्थिति यह है कि इसका चेन दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है।
इसी कड़ी में भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किनी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में गुरुवार को उनका जांच हुआ था। इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त का शुक्रवार को अस्पताल परिसर में सिटी स्कैन और एक्स-रे किया गया। ब्लड की जांच हुई। रिपोर्ट नॉर्मल है। प्रमंडलीय आयुक्त को इसके बाद अस्पताल से उनके आवास भेज दिया गया। वे प्रमंडलीय आयुक्त आवास में आइसोलेट हैं। आवास पर कुछ चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं। पांच जुलाई को भी वंदना किनी की कोरोना जांच हुई थी। उस समय उनका रिपोर्ट निगेटिव था। लेकिन दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। इसके पूर्व प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के नाजिर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वहां के दो और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने बात कही जा रही है।
इससे पहले, डीएम प्रणव कुमार और उनकी पत्नी एवं बच्चे कोराना पॉजिटिव पाए गए थे। पत्नी और बच्चे डीएम कोठी में आइसोलेट हैं। जबकि चिकित्सकों ने डीएम को बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया है। पटना में ही डीएम अपना इलाज करा रहे हैं। एडीएम राजेश झा राजा व डीडीसी सुनील कुमार भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अपने-अपने आवास पर आइसोलेट हैं। डीएम कार्यालय, डीआरडीए, जिला परिषद, डीसीएलआर आदि कार्यालय एक दर्जन कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आधा दर्जन अधिकारियों ने जांच के लिए सैंपल दिया है। कुछ अधिकारियों का रिपोर्ट अभी आना बाकि है। अभी डीएम के प्रभार में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह हैं। भागलपुर के एसडीओ भी कोरोना से संक्रमित हैं। एक साथ कई अधिकारियों और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रमंडलीय कार्यालय व समाहरणालय परिसर में कर्मचारियों के बीच हडकंप मच गया है। डर से कई कार्यालय को बंद कर दिया गया है। कई कर्मचारी कार्यालय आना बंद कर दिया है।