Corona effect : केंद्रीय राज्य मंत्री ने की घोषणा-भागलपुर में खुलेगा कोरोना वायरस टेस्टिंग लैब
स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि अभी भागलपुर में कोरोना वायरस की जांच नहीं होने से सैंपल की रिपोर्ट दो दिन बाद मिलती है। जवाहर जेएलएनएमसीएच भागलपुर में लैब खोला जाएगा।
भागलपुर, जेएनएन। भागलपुर में कोरोना वायरस की जांच के लिए लैब खोला जाएगा। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद को निर्देश दिया है। इस मामले में जिलाधिकारी प्रणव कुमार से भी बात की है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि अभी भागलपुर में कोरोना वायरस की जांच नहीं होने से सैंपल की रिपोर्ट दो दिन बाद मिलती है। इस परेशानी को देखते हुए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भागलपुर में लैब खोला जाएगा।
यहां सीमांचल, कोसी और पूर्व बिहार के साथ ही झारखंड के कई जिलों के लोग इलाज कराने आते हैं। इसलिए टेस्टिंग लैब का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से भी कोरोना वायरस की स्थिति की जानकारी ली गई। राज्य सरकार लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
कोरोना के दो संदिग्ध मरीज अस्पताल से फरार
मायागंज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीज फरार हो गए। इसकी सूचना अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने जिलाधिकारी को दी है। ये दोनों संदिग्ध मरीज ममलखा और खरीक के हैं। शुक्रवार को उन्हें भर्ती किया गया था। सैंपल भी लिए गए हैं। शुक्रवार को 94 संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 11 के सैंपल लिए गए। नौ मरीज पहले से भर्ती हैं। जिन दो मरीजों को भर्ती किया गया था, वे फरार हो गए। इसके अलावा मुंगेर के कोरोना वायरस के दो पॉजेटिव मरीज को वार्ड के अलग भवन में 26 मार्च को भर्ती किए गए हैं। मायागंज अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम शनिवार को मुंगेर जाएगी। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि वहां 70 लोगों की जांच करनी है, जो कोरोना वायरस के संदिग्ध हैं।
तीन महिला डॉक्टरों से स्पष्टीकरण
एमसीएच वार्ड को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। गायनी एवं अन्य विभागों के डॉक्टरों की ड्यूटी आइसोलेशन वार्ड में लगाई गई है। शुक्रवार को तीन महिला डॉक्टरों ने ड्यूटी नहीं की। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि तीन डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।