Corona virus : जिले में छह मई तक 1207 संदिग्ध लोगों के लिए गए सैंपल, 915 निगेटिव
भागलपुर में 12 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उनका रिपोर्ट पॉजिटिव है। हालांकि तीन मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। शेष को आइसोलेट किया गया है।
भागलपुर, जेएनएन। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल, भागलपुर सदर अस्पताल और जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में छह मई तक कोरोना जांच में लिए 1207 लोगों का सैंपल लिए गए। इसमें से 12 लोगों का रिपोर्ट पॉजिटिव निकला वहीं, 11 का पटना ने रद कर दिया। जबकि 915 का रिपोर्ट निगेटिव आया। वहीं, 281 रिपोर्ट आना अभी बाकी है। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि सबसे ज्यादा सैंपल सदर अस्पताल व अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास में लिए गए। सदर अस्पताल में 620 सैंपल लिए गए। इसमें बांका, खगडिया, मुंगेर, पूर्णिया, पटना, नालंदा, कटिहार, गोड्डा, साहेबगंज और पश्चिम बंगाल के लोग भी शामिल है। वहीं नवगछिया में 270 लोगों का सैंपल लिया गया है। नवगछिया अस्पताल में अररिया, बेगूसराय, खगड़िया से आए लोग थे। कहलगांव में 71 लोगों का अबतक सैंपल लिया गया। इसमें 11 का सैंपल पटना ने रद कर दिया। वहीं, जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में 335 लोगों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया है। यहां भागलपुर के अलावा 335 में 56 लोग गुवाहाटी, बांका, बेगूसराय, जमुई, खगडिया, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, गोड्डा के थे।
-जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल, सदर और पीएचसी का आंकड़ा
-12 पॉजिटिव, 11 को पटना ने किया रद, 281 की रिपोर्ट नहीं आई है
मातृत्व अभियान को कोरोना की नजर
भागलपुर जिले में चलने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को भी कोरोना की नजर लग गई है। अब मई के बाद ही अभियान की शुरुआत जिले में होगी। शुक्रवार को राज्य स्वास्थ्य समिति के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सरिता की ओर से सिविल सर्जन और अस्पताल प्रभारी को पत्र भेजा गया है। इसमें मई माह तक कार्यक्रम नहीं चलाने कहा है। दरअसल, यह कार्यक्रम जच्चा और बच्चा के सुरक्षित स्वास्थ्य को लेकर चलाया जाता है। इसमें माताओं को बच्चों की देखभाल संबंधित जानकारियां दी जाती है। बच्चों का पालन पोषण, दूध पिलाने के तरीके सहित अन्य टिप्स स्वास्थ्य कर्मी और आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर माताओं को देते हैं।