Corona virus : जिले में 12 मरीज संक्रमित, नौ लोगों को आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी
भागलपुर में एक और युवक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। वह सन्हौला का रहने वाला है। जिला में अब तक 12 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।
भागलपुर, जेएनएन। प्रदेश में कोरोना ने भागलपुर के एक लोग समेत बुधवार को सात को अपना शिकार बनाया है। भागलपुर के अलावा शिवहर, कैमूर, मधुबनी और पूर्णिया से भी एक-एक पॉजिटिव मिले हैं। सात नए मामले मिलने के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 542 हो गई है। जबकि कुल 188 लोग अब तक इस महामारी को पराजित करने में सफल रहे हैं। अब सिर्फ छह जिले संक्रमण की जद से बाहर हैं।
भागलपुर में एक और युवक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। वह सन्हौला का रहने वाला है। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है। जिला में अब तक 12 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। नौ संक्रमित व्यक्तियों को स्वस्थ कर आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी गई है। सिविल सर्जन ने बताया कि मंगलवार को सन्हौला के 18 वर्षीय युवक का सैंपल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय में दिया गया। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब उसे अल्पसंख्यक कल्याण छात्रवास से आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। सन्हौला के पूर्व में भी एक युवक कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुका है।
बाहर से आए लोगों की स्क्रीनिंग, 23 का सैंपल लिया गया
सदर अस्पताल और मायागंज अस्पताल में अन्य राज्यों से आए 103 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। 43 लोगों को 14 दिनों के लिए घर में रहने की सलाह दी गई। वहीं, 23 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गया। सदर अस्पताल में 78 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इनमें 10 लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई। मायागंज अस्पताल में 35 लोगों की स्क्रीनिंग के बाद उन्हें घरों में रहने की सलाह दी गई। बांका के संदिग्ध मरीज का सैंपल निगेटिव होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रवासी श्रमिक और तीर्थ यात्रियों को लेकर हैदराबाद से पहली ट्रेन गुरुवार को सुबह आठ बजे के करीब भागलपुर स्टेशन पर पहुंच रही है। इनकी स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग के लिए एक दर्जन चिकित्सकों को स्टेशन पर तैनात किया गया है। चार हजार प्रवासी मजदूर आज भागलपुर पहुंच जाएंगे। इसमें 1250 मजदूर हैदराबाद से श्रमिक स्पेशल से सुबह जंक्शन पहुंचेंगे।