Corona Vaccination in Jamui: ...तो थम जाएगा कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान
Corona Vaccination in Jamui शुक्रवार से अभियान पर लग सकता है ब्रेक -जिले में कोरोना रोधी टीका का स्टॉक हुआ खत्म। सीएस ने की आपूर्ति की मांग। फिलहाल मुख्यालय स्थित केंद्रीय औषधी भंडार में वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है।
जागरण संवाददाता, जमुई। Corona Vaccination in Jamui:जिले में संचालित कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान की रफ्तार शुक्रवार से थम जाएगी। इसके पीछे की वजह टीका का स्टॉक खत्म होने की बात सामने आ रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग टीका आवंटन को लेकर प्रयासरत है। राज्य स्वास्थ्य समिति से वैक्सीन की मांग की गई है। वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद पुन: अभियान की शुरुआत की जा सकेगी। यहां बता दें कि गुरुवार को ही 45 आयुवर्ग से अधिक उम्र के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत के पहले दिन ही बड़ी संख्या में लाभार्थी टीका लेने चिन्हित स्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार फिलवक्त मुख्यालय स्थित केंद्रीय औषधी भंडार में वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। जिले में स्थापित 91 सेशन साइट के लिए गुरुवार को वांछित टीका निर्गत करने के साथ ही टीका का स्टॉक समाप्त हो गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 6674 वैक्सीन की शीशी आवंटित हुई थी। प्रति शीशी दस डोज के हिसाब से 66,740 डोज लोगों को लगाया जाना था। इनमें 2.5 फीसद डोज अब तक बर्बाद हुआ। इसका मुख्य कारण था डोज के अनुरुप लाभार्थी का उपलब्ध नहीं होना। एक शीशी से दस डोज लगाया जाना था लेकिन आठ लोग ही उपलब्ध हुए तो इस स्थिति में दो डोज बर्बाद हो गया।
राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार तक वैक्सीन उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद जिले को वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगा। राज्य स्वास्थ्य समिति से वैक्सीन की लगातार मांग की जा रही है। - विनय कुमार शर्मा, सिविल सर्जन, जमुई