शहनाई की धुन पर नाच रहा कोरोना
शादी समारोहों के आयोजन से लगातार कोरोना वायरस का खतरा बढ़ रहा है। 15 दिनों में जिले में हुए हैं 380 विवाह श्राद्ध व अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए। 828 लोग विभिन्न प्रखंडों में मिले हैं संक्रमित। 365 व्यक्ति मधेपुरा शहर में मिले हैं संक्रमित।
मधेपुरा [धर्मेंद्र भारद्वाज]। शादी की खुशियां हो या मौत के गम के बाद श्राद्ध कार्यक्रम। ऐसे मौके पर जुट रही भीड़ कोरोना को बढ़ावा दे रहा है। पिछले 15 दिनों की बात करें तो जिले में 828 से अधिक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिल चुके हैं। कई ऐसे व्यक्ति हैं जो शादी-विवाह या अन्य कार्यक्रम में शरीक हुए थे। बिहारीगंज में पिछले दिनों हुए शादी समारोह में शामिल एक व्यक्ति बीमार हो गया था। जांच में वह संक्रमित पाया गया। इसके बाद शादी में शामिल अन्य व्यक्तियों की जांच की गई। इनमें पांच लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं मधेपुरा में भी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दो व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। वहीं शंकरपुर में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए चार लोग संक्रमित मिले हैं। जिले में 15 दिन के अंदर 380 विवाह व श्राद्ध सहित अन्य कार्यक्रम हुए हैं। इनमें पहुंचे लोगों की जांच की गई। इसमें काफी संख्या में लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सबसे अधिक मधेपुरा शहर में ही 365 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं बिहारीगंज में 89 लोग संक्रमित हुए हैं।
ट्रैकिंग को लगाया गया है आंबनबाड़ी सेविका व आशा
जिले में शादी समारोह, श्राद्ध कार्यक्रम में गाइडलाइन का पालन हो रहा है या नहीं इसके लिए आंगनबाड़ी सेविका व आशा कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। साथ ही कार्यक्रम के बाद कोई बीमारी होता है तो इसकी सूचना इनके द्वारा दी जाती है। तत्काल मोबाइल टीम पहुंचकर चिन्हित व्यक्तियों की जांच करते हैं। काफी संख्या में ऐसे लोग संक्रमित मिले हैं जो विभिन्न समारोह व अन्य कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।
प्रखंड : शादी, श्राद्ध व अन्य कार्यक्रम की संख्या
गम्हरिया : 13, पुरैनी : 60, ग्वालपाड़ा : 31, घैलाढ़ : 19, सिंहेश्वर : 48, बिहारीगंज : 09, मधेपुरा : 81, कुमारखंड : 45, चौसा : 07, शंकरपुर : 14, आलमनगर : 07, मुरलीगंज : 33,उदाकिशुनगंज : 12, कुल : 380
प्रखंड : संक्रमित हुए लोग
गम्हरिया : 04, पुरैनी : 18, ग्वालपाड़ा : 34, घैलाढ़ : 33, सिंहेश्वर : 43, बिहारीगंज : 89, मधेपुरा : 365, कुमारखंड : 75,चौसा : 18, शंकरपुर : 17, आलमनगर : 40, मुरलीगंज : 72, उदाकिशुनगंज : 20, कुल : 828
शादी समारोह, श्राद्ध कार्य में अधिक लोग शामिल नहीं हों, इसके लिए आशा व आंगनबाड़ी सेविका को लगाया गया है। कुछ जगहों पर शादी समारोह में शामिल हुए लोग संक्रमित मिले हैं।- मनीष कुमार, डीपीआरओ, मधेपुरा
कोरोना वायरस एक दूसरे से फैलता है। थोड़ी सी लापरवाही के कारण हम बीमारी से ग्रसित हो जाते हैं। शादी-विवाह सहित अन्य कार्यक्रम में हम शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर पाते। ऐसे में संक्रमित होने की संभावना बढ़ जाती है।- डॉ.आरके पप्पू, चिकित्सक, मधेपुरा