मजदूर दिवस आज : नहीं लगेगा शिविर, नहीं होगा कोई कार्यक्रम
हर साल पहली मई को मजदूर दिवस पर श्रम संसाधन कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया जाता था। लेकिन इस बार लॉकडाउन के कारण सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
भागलपुर, जेएनएन। शुक्रवार एक मई को मजदूर दिवस है, लेकिन इस बार मजदूर दिवस पर न तो शिविर लगेगा और न ही कार्यक्रम का आयोजन होगा। हर साल पहली मई को मजदूर दिवस पर श्रम संसाधन कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया जाता था। जिले के विभिन्न जगहों से बड़ी संख्या में मजदूर पहुंचते थे। शिविर में श्रम संसाधन विभाग के पदाधिकारियों द्वारा श्रमिकों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाती थी, लेकिन कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए इस बार लॉकडाउन के कारण कार्यक्रम नहीं होंगे। उप श्रमायुक्त कविता कुमारी ने कहा कि लॉकडाउन के कारण मजदूर दिवस पर शिविर नहीं लगेगा। श्रमिक अपने-अपने घरों में मजदूर दिवस मनाएंगे। पूरे देश में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने और इसके प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन है। इस कारण सभी सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। मजदूर दिवस पर भी होने वाले सभी कार्यक्रमों को रोक दिया गया हैं। हालांकि सुबह से कुछ मजदूरों को सम्मानित किया जा रहा है।
सभी मजदूरों को उपलब्ध कराया जाए राशन
बिहार प्रदेश भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर संघ के महामंत्री राजेश कुमार लाल ने कहा कि भगलपुर जिले में 20-21 हजार मजदूर पंजीकृत हैं। लॉकडाउन में इन मजदूरों को सरकारी से लाभ नहीं मिला है। सभी मजदूरों को राशनकार्ड नहीं है। इसलिए पंजीयन संख्या के आधार पर मजदूरों को राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
घर पर ही धरना देंगे मजदूर
एक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने कहा कि सभी मजदूर अपने घर में धरना देंगे। लॉकडाउन के मद्देनजर कोई भी किसी दूसरे मजदूर के घर नहीं जाएंगे। वाट्सएप के माध्यम से श्रमिक इसकी जानकारी यूनियन के नेताओं को देंगे। वहीं सुरखीकल और मोहनपुर स्थित यूनियन कार्यालय में मजदूर दिवस पर झंडा फहराया जाएगा। यूनियन कार्यालय में पांच से सात लोग ही पहुंचेंगे। इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन किया जाएगा।