Corona Effect : लॉकडाउन में शादी की सालगिरह पर सरप्राइज देने केक लेकर पहुंची पुलिस
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने और इसके प्रभाव को कम करने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है। इस दौरान पुलिस मानवता दिखा रही है।
भागलपुर, जेएनएन। मोजाहिदपुर के सिकंदरपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के कारण इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इस कारण वहां लोगों के बाहर निकलने पर रोक है। मंगलवार को सिकंदरपुर निवासी प्रत्युष सहाय ने अपने मां-पिता को शादी की 37वीं सालगिरह में सरप्राइज देने के लिए पुलिस से मदद मांगी। एसएसपी आशीष भारती के निर्देश पर मोजाहिदपुर थानेदार प्रमोद साह ने प्रत्युष के माता-पिता को सरप्राइज देने के लिए केक और गिफ्ट लेकर उनके सिकंदरपुर स्थित आवास पर पहुंचे।
प्रत्युष के पिता अधिवक्ता हैं। अचानक घर पर पुलिस को देख वे घबड़ा गए। पुलिस के हाथ में बैलून और गिफ्ट देख उन्हें कुछ समझ नहीं आया। जब थानेदार ने बताया कि बेटे ने पुलिस से उनकी 37वीं सालगिरह मनाने के लिए मदद मांगी थी, तब वे भावुक हो गए। उन्होंने पुलिस को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। इसके पहले भी पुलिस कई परिवारों की खुशियों में शरीक हो चुकी है। बच्चों के जन्मदिन पर केक लेकर उनके घर पहुंच चुकी है।