Corona Effect : बैरियर खोलने को लेकर हुआ विवाद, हिंसक झड़प में कई घायल
कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर बेलहर-बांका मुख्यमार्ग से गांव जानेवाली सड़क पर बैरियर लगाकर सील किया था। जिसे खोलने के लिए एक गुट के लोगों ने चार दिन पहले भी प्रयास किया था।
बांका, जेएनएन। बेलहर थाना क्षेत्र के नवीबांध गांव में बुधवार सुबह लॉकडाउन को लेकर लगाए गए बैरियर खोलने के विवाद में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस क्रम में दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। वैसे, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद दोनों गुटों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में थानाध्यक्ष विनोद कुमार, सीओ नागेंद्र प्रसाद, बीडीओ मनोज कुमार मुर्मू सहित बीएमपी व एसटीएफ जवानों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच शांति समिति की बैठक कर मामले को सुलह कराया गया।
जानकारी के अनुसार कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर बेलहर-बांका मुख्यमार्ग से गांव जानेवाली सड़क पर बैरियर लगाकर सील किया था। जिसे खोलने के लिए एक गुट के लोगों ने चार दिन पहले भी प्रयास किया था। लेकिन कुछ ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हो गया था। बुधवार सुबह फिर उसी गुट के कुछ लोगों ने बैरियर खोलने लगा।जिसका विरोध विपक्षी गुट द्वारा किया गया। इसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच बात बढ़ गई और हाथापाई होने लगी। जिसे देखते ही ईंट,पत्थर की बरसात होने लगी। दोनों तरफ से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
एक गुट का कहना हुआ कि रात के अंधेरे में ऑटो से भरकर कुछ अज्ञात लोगों का आवागमन होता है। संक्रमण को लेकर मना करने पर बैरियर खोलने की घटना को अंजाम दिया गया। जबकि दूसरे पक्ष ने बताया आवागमन में परेशानी होने के कारण बैरियर खोल रहे थे। इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बैठक कर मामले का सुलह कर दिया गया है। दोनों गुटों को शांत रहने का निर्देश दिया गया है।